शाहपुर, 6 जून। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा और चंबा जिलों में शुक्रवार रात आए 5.0 तीव्रता के भूकंप के बाद शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के धारकंडी इलाके में कई स्थानों पर नुकसान की खबरें सामने आई हैं। विशेष रूप से करेरी पंचायत के नोरा और भोठू वार्ड में कई मकानों को क्षति पहुंची है, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।
भूकंप के झटकों के बाद प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी मिलते ही शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए। इसके बाद जिला परिषद सदस्य संदीप कुमार गोगी, पूर्व उपप्रधान दरीणी राजिंद्र शर्मा और स्थानीय प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और नुकसान का जायजा लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार क्षेत्र में कुछ मकानों को नुकसान पहुंचा है, हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन प्रभावित परिवारों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को जल्द राहत प्रदान करने की मांग की है। अधिकारियों का कहना है कि सभी प्रभावित क्षेत्रों की रिपोर्ट तैयार की जा रही है और नियमानुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!