धर्मशाला, 17 जून 2026: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को धर्मशाला को दो बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने धर्मशाला स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा 70 लाख रुपये की लागत से पुनर्विकसित फव्वारा चौक और पुराने एचआरटीसी कार्यशाला परिसर में 11.90 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दो मंजिला ई-बस चार्जिंग डिपो एवं अनुरक्षण केंद्र का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने धर्मशाला में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए तीन नए इंट्रा-सिटी ई-बस मार्गों को भी मंजूरी प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फव्वारा चौक के पुनर्विकास का मुख्य उद्देश्य कोतवाली बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना, स्थानीय सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखना और इस क्षेत्र को एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करना है। परियोजना के तहत सड़क के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध करवाने के लिए फव्वारे और शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा का पुनर्स्थापन किया गया है। साथ ही रामलीला मंच और फव्वारा क्षेत्र को एकीकृत सार्वजनिक प्लाजा के रूप में विकसित कर भूमि के बेहतर उपयोग और यातायात प्रबंधन को सुनिश्चित किया गया है।

उन्होंने बताया कि नव विकसित फव्वारा चौक में पारंपरिक स्थानीय शैली की भित्ति चित्रकारी, वैरिएबल मैसेजिंग सिस्टम, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, पर्याप्त बैठने की सुविधा और आकर्षक केंद्रीय फव्वारा स्थापित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय विरासत को संरक्षित रखते हुए आधुनिक शहरी आधारभूत ढांचे का विकास राज्य सरकार की प्राथमिकता है और इस परियोजना से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
ई-बस चार्जिंग डिपो एवं अनुरक्षण केंद्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अत्याधुनिक सुविधा स्वच्छ, विश्वसनीय और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की राज्य सरकार की व्यापक रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार की चार्जिंग अवसंरचना विकसित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने धर्मशाला स्मार्ट सिटी लिमिटेड और हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि यह नई सुविधा इलेक्ट्रिक बसों के संचालन और अनुरक्षण को अधिक प्रभावी बनाएगी तथा सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगी।

इस अवसर पर आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा, सांसद अनुराग शर्मा, उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, धर्मशाला नगर निगम के पूर्व महापौर देवेंद्र जग्गी, एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, एपीएमसी अध्यक्ष निशु मोंगरा, उपायुक्त हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक अशोक रतन सहित कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!