शाहपुर। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के बंदरेला गांव में विकसित किए जा रहे ‘परमार्थ इको विलेज’ प्रोजेक्ट को स्थानीय स्तर पर सहयोग मिलने लगा है। कार्यक्रम के सुबह के सत्र में मुख्य उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने परियोजना के लिए एक सप्ताह के भीतर हैंडपंप लगाने की घोषणा की और जल शक्ति विभाग को इसके लिए निर्देश दिए।

कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। उपस्थित लोगों, ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें याद किया। इसके बाद योग सत्र और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। डीएवी स्कूल के बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें विधायक केवल सिंह पठानिया ने सराहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केवल सिंह पठानिया ने कहा कि कांगड़ा घाटी के प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर बंदरेला गांव को परमार्थ इको विलेज के रूप में विकसित किया जाना पूरे शाहपुर क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। इस पहल से गांव को नई पहचान मिलेगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार तथा आर्थिक विकास के नए अवसर भी पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी इस परियोजना के लिए ट्रस्ट को शुभकामनाएं दी हैं और सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है। पठानिया ने कहा कि चंगर क्षेत्र में विकसित होने वाला यह इको विलेज पर्यटन, प्राकृतिक संरक्षण और सामाजिक विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

विधायक ने परियोजना के लिए हैंडपंप लगाने की घोषणा करते हुए जल शक्ति विभाग को एक सप्ताह के भीतर इसे स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस नेक काम में चंगर क्षेत्र के लोग फाउंडेशन को पूरा सहयोग देंगे। उन्होंने ट्रस्ट को भरोसा दिलाया कि परियोजना के लिए जिस भी तरह की मदद की जरूरत होगी, उसे उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
इससे पहले वृंदा फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से न्यायमूर्ति उमेश कुमार सिरोही ने कार्यक्रम में पहुंचने पर केवल सिंह पठानिया का आभार जताया और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने परमार्थ इको विलेज परियोजना की जानकारी देते हुए बताया कि यहां आयुर्वेदिक और एलोपैथिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ खेलकूद, मेडिटेशन सेंटर और अन्य जनकल्याणकारी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य, योग, आध्यात्मिकता और प्रकृति से जोड़ना है।
कांगड़ा घाटी के मनई के समीप स्थित भंदरेला गांव में वृंदा फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से यह महत्वाकांक्षी इको प्रोजेक्ट विकसित किया जा रहा है। यहां आध्यात्मिक ऊर्जा केंद्र स्थापित करने की योजना है। परियोजना का भूमिपूजन परम पूज्य स्वामी चिदानंद सरस्वती और राज्यपाल कविंद्र गुप्ता द्वारा किया जाना प्रस्तावित है।
कार्यक्रम में मुख्य ट्रस्टी यू.के. सिरोही, न्यायमूर्ति उमेश कुमार सिरोही, डॉ. मेघना चौधरी, विकास शर्मा, डॉ. सुरिंदर, डॉ. भुवन, राहुल शर्मा, के.के. शर्मा, गौरांश सिरोही, योग गुरु डॉ. पठानिया, मीडिया प्रभारी विराट सिंह, विभिन्न विद्यालयों के बच्चे और क्षेत्र के गणमान्य ग्रामीण उपस्थित रहे


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


