हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले से पंचायत चुनाव से ठीक पहले बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है। कल्पा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के मामलों में सख्त रुख अपनाते हुए तीन नेताओं को पार्टी से छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा जोरों पर है।
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई सापनी क्षेत्र से जुड़े कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ की गई है। कल्पा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पार्टी विरोधी गतिविधियों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संबंधित सदस्यों पर संगठनात्मक अनुशासन तोड़ने और पार्टी लाइन के खिलाफ काम करने के आरोप पाए गए थे। पार्टी की छवि और संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने के लिए यह कड़ा फैसला लिया गया है।
पार्टी से निष्कासित किए गए नेताओं में राज कुमारी पत्नी स्वर्गीय हरीश चन्द्र निवासी गांव एवं डाकघर सापनी, धर्म सेन पुत्र जलेब सुख निवासी गांव एवं डाकघर सापनी और यशवीर पुत्र बिरमा सुख निवासी गांव एवं डाकघर सापनी शामिल हैं। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की इस कार्रवाई को पंचायत चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!