चंबा। जापान के आइची-नागोया में आयोजित 2026 एशियाई खेलों में 10,000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाली चंबा की अंतरराष्ट्रीय धाविका सीमा कुमारी का रविवार को गृह जिला पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। दोपहर के समय सीमा के उदयपुर पहुंचने पर राइजिंग स्टार पब्लिक स्कूल परिसर में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
सीमा की इस शानदार सफलता पर परिवार की ओर से कुछ दिन बाद घर पर शिव नुआला का आयोजन किया जाएगा। नुआला में रातभर भगवान शिव की आराधना की जाती है और पूरी रात शिव के भजन गाए जाते हैं।
सम्मान समारोह के दौरान सीमा ने एशियाई खेलों से जुड़े अपने अनुभव भी सभी के साथ साझा किए। उन्होंने कहा कि जब अन्य राज्यों की बेटियां पदक जीतकर अपने घर लौटती थीं तो उनका जिस तरह स्वागत किया जाता था, उसी तरह आज उनका भी स्वागत हुआ है। सीमा ने कहा कि इस तरह का सम्मान पाकर उन्हें बहुत खुशी हुई है।
दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद सीमा ने विश्वस्तरीय एथलीटों के बीच तिरंगा लहराकर पहाड़ की बेटियों के लिए सफलता का नया रास्ता दिखाया है। उनकी इस उपलब्धि को चंबा की प्रतिभाओं के लिए बड़ी प्रेरणा के तौर पर देखा जा रहा है।
उदयपुर में नागरिक अभिनंदन स्वीकार करने के बाद सीमा रविवार शाम अपने पैतृक गांव रेटा के लिए रवाना हुईं। रेटा पहुंचते ही गांव की सीमा से लेकर घर के आंगन तक ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज सुनाई दी। ग्रामीणों ने अपनी लाडली बेटी का गर्मजोशी से स्वागत किया।
रंग-रोगन कर सजाए गए घर की चौखट पर सीमा की मां केसरी देवी और भाई राज कुमार बेसब्री से उनका इंतजार कर रहे थे। बेटी के घर लौटने पर परिवार और ग्रामीणों में खुशी का माहौल रहा।
राइजिंग स्टार पब्लिक स्कूल के चेयरमैन संजीव सूरी ने कहा कि सीमा कुमारी ने एशियन गेम्स में 10,000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक और 5,000 मीटर में छठा स्थान हासिल कर साबित कर दिया है कि चंबा की प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का माद्दा रखती हैं। उन्होंने कहा कि यह बेहद गर्व का क्षण है कि चंबा की होनहार बेटी ने देश का मान बढ़ाया है। सीमा की यह उपलब्धि जिले के उभरते युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ी प्रेरणा बनेगी।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


