हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाहड़ के समीप सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि परिवार अपनी तीन माह की बच्ची का पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज करवाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान उनकी ऑल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए। रात का समय और दुर्गम पहाड़ी इलाका होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य काफी चुनौतीपूर्ण रहा। लंबे प्रयासों के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकाला गया।

एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी पांच लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही थी और घना कोहरा छाया हुआ था। माना जा रहा है कि खराब दृश्यता और सड़क पर फिसलन के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने भी लोगों से मानसून के दौरान पहाड़ी सड़कों पर यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


