Chamba: चम्बा में पुलिस का बड़ा एक्शन, हाईवे पर युवक चिट्टे के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार

चम्बा पुलिस ने नशा माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पठानकोट-चम्बा-भरमौर नेशनल हाईवे पर ट्रक यूनियन बालू के पास पुलिस ने एक युवक को चिट्टे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, स्टेट टास्क फोर्स (एसटीएफ) की टीम एएसआई परमेश शर्मा के नेतृत्व में बालू क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली, तो उसके कब्जे से 10.53 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। बरामदगी के बाद पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान विजय कुमार (25) निवासी गांव चौभिया, डाकघर सेरकाओ, तहसील भरमौर, जिला चम्बा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सदर थाना चम्बा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!