हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के चुराह उपमंडल में राजपुरा जेल से फरार चल रहा मुजरिम इब्राहिम पुलिस और स्थानीय प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। करीब डेढ़ साल से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे इब्राहिम पर हाल ही में एक परिवार को बंधक बनाकर धमकाने का आरोप लगा है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी पुलिस प्रशासन को चुनौती देते हुए गंभीर घटनाओं को अंजाम देने की धमकियां देता सुनाई दे रहा है।
जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले चुराह उपमंडल के नरेड गांव में इब्राहिम अचानक बशीर नाम के ग्रामीण के घर पहुंच गया। उस समय परिवार के सदस्य आंगन में काम कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लंबी दाढ़ी, काले रंग का कोट और पगड़ी पहने इब्राहिम हथियारों से लैस था। उसने परिवार को डरा-धमकाकर अपने कब्जे में ले लिया और खुद को राजपुरा जेल से फरार इब्राहिम बताया।
इसके बाद आरोपी ने परिवार के मोबाइल फोन से एक महिला को कॉल किया और उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। घटना को अंजाम देने के बाद उसने परिवार को घर के अंदर बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी और अंधेरे तथा जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
वायरल ऑडियो की जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है। ऑडियो में इब्राहिम पुलिस के इकबाल को चुनौती देते हुए कथित तौर पर यह कहते सुनाई दे रहा है कि पिछले डेढ़ साल से पुलिस उसका क्या बिगाड़ पाई है। रिकॉर्डिंग में वह बेहद आक्रामक अंदाज में कई लोगों को नुकसान पहुंचाने और बड़े पैमाने पर खूनी खेल खेलने की धमकियां देता सुनाई दे रहा है।
चम्बा के एसपी विजय कुमार सकलानी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस ने वायरल ऑडियो का संज्ञान लिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ऑडियो कब रिकॉर्ड किया गया था और इसमें आवाज वास्तव में इब्राहिम की है या नहीं। इसकी प्रामाणिकता की गहन जांच की जा रही है।
अपराध का रहा है लंबा इतिहास
पुलिस सूत्रों के अनुसार इब्राहिम का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है। चम्बा महिला थाने में उस पर एक युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ था। गिरफ्तारी के बाद उसे राजपुरा जेल में रखा गया था, जहां से वह करीब डेढ़ साल पहले 27 मई, 2025 को पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।
जेल से भागने के कुछ सप्ताह बाद 24 जून को उसने कथित तौर पर पीड़िता के घर पर हमला किया था। इस दौरान उसके दादा पर फायरिंग की गई थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके अलावा इब्राहिम पर ग्रामीण इलाकों में गऊशालाओं को जलाने, दीवारों पर धमकी भरे संदेश लिखने और पत्र फेंककर दहशत फैलाने के आरोप भी हैं।
पुलिस ने अपराधी को पकड़ने के लिए रखा है ईनाम
लगातार मिल रही धमकियों और हालिया बंधक बनाए जाने की घटना के बाद चुराह क्षेत्र में लोगों में आक्रोश के साथ दहशत का माहौल है। पुलिस विभाग ने फरार आरोपी को पकड़ने के लिए अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। सुरक्षा एजेंसियों और खुफिया तंत्र को भी अलर्ट कर दिया गया है।
पुलिस ने इब्राहिम के बारे में पुख्ता जानकारी देने या उसे पकड़वाने में मदद करने वाले व्यक्ति के लिए नकद ईनाम भी घोषित कर रखा है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती करीब डेढ़ साल से फरार चल रहे इस आरोपी को पकड़ना और क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!



