सिरमौर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कालाअंब थाना क्षेत्र में एक महिला समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। डिटैक्शन सैल नाहन की टीम ने आरोपियों के कब्जे से 30.40 ग्राम चिट्टा यानी हेरोइन और 47,800 रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी हरियाणा से मादक पदार्थ लाकर कालाअंब, त्रिलोकपुर और आसपास के क्षेत्रों में बेचने का काम करते थे।
पुलिस के अनुसार, डिटैक्शन सैल नाहन की टीम कालाअंब-त्रिलोकपुर मुख्य सड़क पर खैरी पुल के पास मौजूद थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि हरियाणा नंबर की एक गाड़ी में पांच लोग सवार हैं, जो हरियाणा से मादक पदार्थ लेकर कालाअंब, त्रिलोकपुर और आसपास के इलाकों में बेचने के लिए पहुंचे हैं। सूचना यह भी थी कि आरोपी क्षेत्र में चिट्टा बेचने की फिराक में हैं।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और संदिग्ध गाड़ी को रोककर उसमें सवार लोगों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 30.40 ग्राम चिट्टा यानी हेरोइन और 47,800 रुपये बरामद हुए। पुलिस ने मौके पर ही पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार उर्फ विक्की पुत्र भीम सिंह निवासी गांव, डाकघर व तहसील भुना, जिला फतेहाबाद, हरियाणा, राकेश मिश्रा पुत्र हर्षित मिश्रा निवासी मकान नंबर 243, शिव कॉलोनी, कालाअंब, डाकघर हमीदपुर, तहसील नारायणगढ़, जिला अंबाला, हरियाणा, विक्की सैनी पुत्र चंद्र प्रकाश निवासी मकान नंबर 238, पूनम नर्सिंग होम के नजदीक, नारायणगढ़ रोड, कालाअंब, जिला अंबाला, हरियाणा, निखिल पुत्र अशोक कुमार निवासी मकान नंबर 421/11, वाल्मीकि बस्ती, नाहन, जिला सिरमौर और शिवम पत्नी वासु कुमार निवासी मकान नंबर 253, वाल्मीकि बस्ती, नाहन के रूप में हुई है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पांचों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना कालाअंब में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और नकदी को कब्जे में लेकर मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


