चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। भरमौर उपमंडल के रैत गांव में 26 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, यह मामला भरमौर उपमंडल की ग्राम पंचायत गरोला के रैत गांव का है। मृतक की पहचान 26 वर्षीय अतुल उर्फ कुकी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर बाद जब परिजन कमरे में पहुंचे तो उन्होंने अतुल को फंदे से लटका हुआ पाया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चर्चा है कि अतुल नौकरी को लेकर तनाव में था। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
इस घटना का सबसे भावुक पहलू यह है कि अतुल ने कुछ वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था और उसकी पत्नी वर्तमान में गर्भवती है। परिवार में जल्द ही नई खुशियां आने वाली थीं, लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। पति की मौत के बाद गर्भवती पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!