
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा शाहतलाई के समीप सरहयाली खड्ड पुल पर हुआ, जहां पानी का टैंकर लेकर जा रहा एक ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए गहरी खड्ड में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर एक ट्रैक्टर पानी का टैंकर लेकर सरहयाली खड्ड पुल से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण अचानक बिगड़ गया। देखते ही देखते ट्रैक्टर पुल की रेलिंग तोड़ता हुआ टैंकर समेत सीधे नीचे खड्ड में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
इस भीषण दुर्घटना में ट्रैक्टर पर सवार रणजीत सिंह (37), पुत्र अनंत राम, निवासी गांव वलू, डाकघर सठवीं, तहसील डटवाल बिझड़ी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सुनील कुमार (26), पुत्र महेंद्र सिंह, निवासी घुमारपुर और गुलजार (24), पुत्र ताज मोहम्मद, निवासी वार्ड नंबर-7 (सेऊ) गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तलाई पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को नागरिक अस्पताल बड़सर रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही तलाई पुलिस थाना के प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई भी जारी है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


