Bilaspur: लुहणू में बड़ा हादसा टला, सतलुज नदी के पास दलदल में फंसा व्यक्ति, फायर ब्रिगेड ने किया रेस्क्यू

बिलासपुर, 7 जून। बिलासपुर शहर के साथ लगते लुहणू क्षेत्र में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब मछलियों को आटा डालने गया एक व्यक्ति सतलुज नदी के पास दलदल में फंस गया। घटना कोसरियां निवासी लोकेश कुमार (43) के साथ पेश आई।

जानकारी के अनुसार लोकेश कुमार लुहणू मैदान के पास सतलुज नदी किनारे मछलियों को आटा डालने गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह दलदल में फंस गया। दलदल में फंसने के बाद वह बाहर नहीं निकल पाया और स्थिति गंभीर हो गई।

Advertisement

इसी दौरान वहां मौजूद फूड वैन संचालक जसजीत सिंह वालिया ने उसे फंसा हुआ देखा और तुरंत शोर मचाकर लोगों को इकट्ठा किया तथा पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम शिफ्ट इंचार्ज सुदेश शर्मा की अगुवाई में मौके पर पहुंची।

टीम ने काफी मशक्कत के बाद लोकेश कुमार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद व्यक्ति को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में राहत की भावना देखी गई।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतलुज नदी और अन्य जल क्षेत्रों के किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं, क्योंकि ऐसे स्थानों पर फिसलन और दलदल के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!