हिमाचल प्रदेश में ग्राम पंचायतों की वित्तीय व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए पंचायती राज विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। विभाग ने प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों को सभा निधि के लिए अलग बैंक खाता खोलने के निर्देश जारी किए हैं। इसका उद्देश्य पंचायतों की निधि का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करना और वित्तीय नियमों का पालन करना है। इस संबंध में पंचायती राज विभाग के संयुक्त निदेशक विजय ब्रागटा ने प्रदेश के सभी जिला पंचायत अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को पत्र भेजा है।
विभाग की ओर से जारी पत्र में 14वीं विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति की वर्ष 2026-27 की चौथी कार्रवाई रिपोर्ट के क्रम संख्या 4.4 में की गई सिफारिश का उल्लेख किया गया है। इसमें प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों के लिए सभा निधि का अलग बैंक खाता खोलने की सिफारिश की गई है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, प्रदेश के विभिन्न जिलों की करीब 930 ग्राम पंचायतों में यह खाता खोला जा चुका है। हालांकि, कुछ जिलों की सभी पंचायतों में अभी तक सभा निधि के लिए अलग बैंक खाता नहीं खोला गया है।
संयुक्त निदेशक विजय ब्रागटा ने जिला पंचायत अधिकारियों से अपने-अपने जिलों की ग्राम पंचायतों में इस व्यवस्था की स्थिति की पुष्टि करने को कहा है। जिन पंचायतों ने अभी तक सभा निधि के लिए अलग बैंक खाता नहीं खोला है, वहां संबंधित अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही विभाग को इस संबंध में जानकारी भेजने को भी कहा गया है, ताकि विधानसभा सचिवालय को निर्धारित व्यवस्था के पालन की स्थिति से अवगत करवाया जा सके।
विभाग के इन निर्देशों के बाद जिला स्तर पर पंचायतों की वित्तीय व्यवस्था की समीक्षा और जरूरी कार्रवाई पर जोर दिया जा रहा है। सभा निधि के लिए अलग बैंक खाता होने से पंचायतों की राशि का अलग लेखा-जोखा रखना आसान होगा। इससे वित्तीय कार्यों में पारदर्शिता बढ़ाने और निधि के बेहतर प्रबंधन में मदद मिलने की उम्मीद है।
सभी बीडीओ से किया आग्रह
इस संबंध में जिला पंचायत अधिकारी कांगड़ा सचिन ठाकुर ने पुष्टि की है कि जिले की पंचायतों में सभा निधि के लिए अलग बैंक खाता खोलने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिले के सभी खंड विकास अधिकारियों से भी आग्रह किया गया है कि वे अपनी-अपनी पंचायतों में सभा निधि का अलग बैंक खाता खोला जाना सुनिश्चित करें।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


