Bilaspur: होटल में चल रहा था चिट्टे का खेल! 3 युवक और 2 नाबालिग लड़कियां पकड़ी गईं, 15.85 ग्राम नशा बरामद

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के लखनपुर स्थित एक होटल में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टे के साथ 3 युवकों और 2 नाबालिग लड़कियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि होटल में ठहरे कुछ युवक-युवतियां नशे की खरीद-फरोख्त में शामिल हैं। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कमरे की तलाशी ली, जहां से 15.85 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके पर मौजूद सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए तीनों युवक अलग-अलग स्थानों से हैं, जिनमें एक ऊना जिले के रायपुर सहोड़ा, दूसरा बाथू-हरोली और तीसरा बिलासपुर के बरसंड-गेहड़वीं क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। वहीं, दो नाबालिग लड़कियां भी इस मामले में शामिल पाई गईं, जिनमें से एक शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र के एक गांव और दूसरी किन्नौर जिले के एक गांव की रहने वाली है।

एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ सदर थाना में केस दर्ज कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। जांच के दौरान जब यह सामने आया कि दोनों लड़कियां नाबालिग हैं, तो पुलिस ने उन्हें बाल सुधार गृह शिमला भेज दिया है।

पुलिस अब इस पूरे मामले में नशा तस्करी के नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इनके पीछे और कौन लोग शामिल हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!