अटल मेडिकल एवं रिसर्च यूनिवर्सिटी (एएमआरयू) हिमाचल प्रदेश ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एलाइड एवं हेल्थकेयर कॉलेज हमीरपुर में पैरामेडिकल कोर्स में दाखिले की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन कोर्स में प्रवेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा के माध्यम से होगा। परीक्षा की तारीख विश्वविद्यालय बाद में घोषित करेगा। इच्छुक अभ्यर्थी 13 सितंबर रात 11:55 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र और प्रॉस्पेक्टस विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
कॉलेज में चार वर्षीय यानी आठ सेमेस्टर के स्नातक कोर्स में दाखिला दिया जाएगा। इनमें बैचलर ऑफ एनेस्थीसिया एंड ऑपरेशन थियेटर टेक्नोलॉजी (बीएओटी), बैचलर ऑफ मेडिकल रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग टेक्नोलॉजी (बीएमआरआईटी), बैचलर ऑफ मेडिकल लेबोरेटरी साइंस (बीएमएलएस) और बैचलर ऑफ डायलिसिस थैरेपी टेक्नोलॉजी (बीडीटीटी) शामिल हैं।
210 सीटों पर होगा दाखिला
बीएओटी, बीएमआरआईटी और बीएमएलएस में 60-60 सीटें निर्धारित की गई हैं, जबकि बीडीटीटी में 30 सीटें हैं। इस तरह चारों पैरामेडिकल कोर्स में कुल 210 सीटों पर दाखिला दिया जाएगा।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए शिमला, हमीरपुर, मंडी और कांगड़ा में परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। ऑनलाइन आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को अपनी पसंद का परीक्षा केंद्र चुनना होगा। हालांकि, प्रशासनिक जरूरतों के अनुसार परीक्षा केंद्रों में बदलाव किया जा सकता है।
आवेदन करते समय किसी तरह की परेशानी होने पर अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के व्हाट्सएप नंबर 9459139364 पर संपर्क कर सकते हैं। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजेश कुमार भवानी ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया नियमानुसार जारी है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


