धर्मशाला, 17 नवंबर। युवाओं और भावी मतदाताओं को लोकतंत्र, निर्वाचन प्रक्रिया और मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करने के लिए कांगड़ा जिले में जिला स्तरीय निर्वाचन साक्षरता प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मंगलवार को बीएड कॉलेज, धर्मशाला में हुई इन प्रतियोगिताओं में जिले के सभी 15 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों से चयनित विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कांगड़ा के मार्गदर्शन में आयोजित इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ-साथ मतदान के अधिकार और उसके महत्व की जानकारी देना था।

तीन चरणों में हुई प्रतियोगिताएं
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से इन प्रतियोगिताओं का आयोजन तीन चरणों में किया गया। सबसे पहले विभिन्न शिक्षण संस्थानों में संस्थान स्तर पर प्रतियोगिताएं करवाई गईं। इसके बाद उपमंडल स्तर पर मुकाबले हुए, जिनमें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना गया। इसी प्रक्रिया के तहत सभी 15 विधानसभा क्षेत्रों के चयनित विद्यार्थी जिला स्तरीय मुकाबले में शामिल हुए।
280 में से 259 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
जिला स्तर की निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के लिए कुल 280 विद्यार्थियों का चयन किया गया था। इनमें से 259 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में भाग लिया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में 131, जबकि प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में 128 विद्यार्थी शामिल हुए।

निबंध लेखन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने निर्वाचन और लोकतंत्र से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इसके जरिए उन्हें मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करने के साथ मतदाता सूची की शुद्धता, समावेशिता और विश्वसनीयता के महत्व की जानकारी देने का प्रयास किया गया।
वहीं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM), वीवीपैट (VVPAT), मतदान प्रक्रिया और मतगणना से जुड़े सवाल पूछे गए। इसके माध्यम से विद्यार्थियों की निर्वाचन प्रणाली के बारे में जानकारी और समझ का आकलन किया गया।
20 नवंबर से पहले घोषित होंगे परिणाम
प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। परिणाम और विजेताओं की जानकारी 20 नवंबर से पहले संबंधित विद्यार्थियों और शिक्षण संस्थानों को उपलब्ध करवा दी जाएगी। जिला स्तर पर चयनित विजेताओं को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में जिला कांगड़ा का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

उत्तर पुस्तिकाओं और प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन का जिम्मा डॉ. अभ्युदिता गौतम सिंघा, डॉ. राज भगती, प्रो. लेखराज ठाकुर और डॉ. मधु बाला को सौंपा गया है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


