चंबा रुमाल की कला को समर्पित रहीं सिराज बेगम का निधन, हजारों महिलाओं को बनाया आत्मनिर्भर; राष्ट्रीय सम्मान न मिलने का रहा मलाल

Date:

--Advertisement--

चंबा रुमाल की पारंपरिक कढ़ाई को अपना पूरा जीवन समर्पित करने वाली वरिष्ठ कलाकार सिराज बेगम सुपुर्द-ए-खाक हो गईं। 86 साल की उम्र तक अविवाहित रहकर उन्होंने एक तपस्वी की तरह इस प्राचीन कला की साधना की। चंबा रुमाल को आजीविका का जरिया बनाने वाली हजारों महिलाओं और युवतियों को उन्होंने हुनर सिखाकर आत्मनिर्भर बनाया। हालांकि, जीवनभर इस कला के संरक्षण और प्रचार-प्रसार में जुटी रहीं सिराज बेगम को इस बात का मलाल रहा कि उनके योगदान के बावजूद उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर प्रोत्साहन और सम्मान नहीं मिला। खास बात यह रही कि उनसे प्रशिक्षण लेने वाली कई महिलाओं को राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कारों से नवाजा गया।

उनके भतीजे और सेवानिवृत्त जिला लोक संपर्क अधिकारी अमीन चिश्ती ने भी इस बात की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि जिस महिला ने 86 साल तक अविवाहित रहकर इस कला को अपनी साधना बनाया और हजारों युवतियों व महिलाओं को इसका हुनर सिखाकर आत्मनिर्भर किया, वह राष्ट्रीय पुरस्कार की हकदार थीं। अमीन चिश्ती ने मांग की कि भले ही सिराज बेगम को जीवनकाल में यह सम्मान नहीं मिल पाया, लेकिन मरणोपरांत उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए नामित किया जाना चाहिए, ताकि चंबा रुमाल के प्रति उनकी तपस्या को उचित पहचान मिल सके।

Advertisement​

रोज 6 से 14 घंटे तक करती थीं कढ़ाई, निशुल्क सिखाया हुनर

चंबा रुमाल की हजारों साल पुरानी परंपरा कई उतार-चढ़ाव के बावजूद आज भी कायम है। इस कला को अगली पीढ़ियों तक पहुंचाने में उन शिल्पियों का बड़ा योगदान रहा है, जिन्होंने इसकी मौलिकता, बारीकियों और पारंपरिक शैली को सुरक्षित रखा। चंबा की कशीदाकारी को आगे बढ़ाने वाले कलाकारों में सिराज बेगम का नाम अग्रणी रहा।

वह उम्र के आखिरी पड़ाव तक हर दिन औसतन 6 से 14 घंटे चंबा की कढ़ाई में जुटी रहती थीं। इसके साथ ही नई पीढ़ी की युवतियों और महिलाओं को इस कला का निशुल्क प्रशिक्षण भी देती थीं। उनके प्रयासों से हजारों महिलाएं इस हुनर में पारंगत हुईं और आज चंबा रुमाल के दम पर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं। उनके फिरदोस हैंडीक्राफ्ट स्वयं सहायता समूह के माध्यम से भी हर समय औसतन 20 से 30 युवतियां और महिलाएं इस कला का प्रशिक्षण लेती रहीं।

दादी और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता महेशी देवी से सीखी कला

सिराज बेगम को बचपन से ही कढ़ाई का शौक था। उन्होंने चंबा की पारंपरिक कढ़ाई का विधिवत प्रशिक्षण अपनी दादी और राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित महेशी देवी से प्राप्त किया था। अपनी बारीक और आकर्षक शिल्प कला में महारत के चलते उन्हें उद्योग विभाग में तैनाती मिली, जहां उन्होंने युवतियों को प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने का काम किया।

Advertisement

उन्होंने चंबा रुमाल की कला को केवल रोजगार तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे समाज सेवा का माध्यम बनाया। वह गरीब और असहाय युवतियों व महिलाओं को निशुल्क प्रशिक्षण देने के साथ कढ़ाई में इस्तेमाल होने वाला कपड़ा, धागा और अन्य सामग्री भी उपलब्ध करवाती थीं। इतना ही नहीं, उनके द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों की बिक्री के लिए उचित मंच भी उपलब्ध करवाती थीं, ताकि महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होकर सम्मानजनक जीवन जी सकें।

कढ़ाई से जीवंत कर देती थीं पौराणिक और ऐतिहासिक चित्र

सिराज बेगम की कलाकृतियों में रास मंडल, विवाह अनुष्ठान, नायक-नायिकाएं, कृष्ण की अठखेलियां, विष्णु के दस अवतार, शिकारगाह, अष्ट नायिकाएं और मिंजर शोभायात्रा जैसे विषय शामिल रहे। उनके दुर्लभ संग्रह में विभिन्न पहाड़ी राजाओं के चित्रों के साथ सम्राट शेर शाह सूरी का चित्र भी शामिल था।

वह महीन सुई में रेशमी धागे पिरोकर कपड़े पर ऐसे चित्र उकेरती थीं कि वे जीवंत नजर आते थे। उनकी कलाकृतियों ने अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला, कुल्लू दशहरा, मंडी शिवरात्रि और प्रदेश के अन्य प्रमुख मेलों व उत्सवों में चंबा रुमाल की पहचान को आगे बढ़ाया। इन आयोजनों में उनकी कलाकृतियों को कई विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

भूरी सिंह संग्रहालय चंबा, धर्मशाला संग्रहालय और राज्य संग्रहालय शिमला में आयोजित प्रदर्शनियों में भी देश-विदेश से आए हजारों दर्शकों ने उनकी कलाकृतियों की खूब सराहना की। चंबा कशीदाकारी में उनकी उत्कृष्टता को हिमाचल प्रदेश के साथ अन्य राज्यों में भी पहचान और सम्मान मिला।

Advertisement

कई राज्यस्तरीय सम्मानों से नवाजी गईं, लेकिन राष्ट्रीय पुरस्कार का रहा इंतजार

सिराज बेगम को उनके योगदान के लिए कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा गया। रोटरी क्लब चंबा ने वर्ष 2002 में उन्हें उत्कृष्टता सम्मान दिया। सहस्त्राब्दी महोत्सव चंबा-2006 में उन्हें शिल्प विद्या सम्मान से सम्मानित किया गया। वर्ष 2011 में हिमाचल प्रदेश कला संस्कृति भाषा अकादमी की ओर से उन्हें राज्यस्तरीय पुरस्कार मिला।

इसके अलावा गणतंत्र दिवस 2017 पर उन्हें विशेष सम्मान पुरस्कार दिया गया था। चंबा रुमाल के लिए वर्ष 1983 में हिमाचल के राज्यपाल की ओर से विशेष सम्मान पुरस्कार और उसी वर्ष अद्वितीय परंपरागत कला एवं शिल्प के लिए उपायुक्त चंबा की ओर से प्रशंसा प्रमाण पत्र भी मिला था।

चंबा कशीदाकारी में विशिष्ट योगदान और इस प्राचीन कला के संरक्षण के लिए कई सामाजिक संस्थाओं ने भी उन्हें अलग-अलग अवसरों पर सम्मानित किया। इसके बावजूद उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर वह पहचान नहीं मिल पाई, जिसकी वह हकदार थीं। इस बात का जिक्र उन्होंने अपने भतीजे अमीन चिश्ती से कई बार किया था।

ऐसा होता है चंबा रुमाल

चंबा रुमाल की खासियत इसकी बारीक कढ़ाई और रेशमी धागों से बनाए गए चित्र हैं। इसमें कपड़े पर उकेरे गए चित्र दोनों तरफ से लगभग एक जैसे दिखाई देते हैं। कपड़े के दोनों ओर समान रूप से उभरी कलाकृतियां देखने वालों को हैरान कर देती हैं। यही विशेषता चंबा रुमाल को देश की अनूठी पारंपरिक कढ़ाई कलाओं में अलग पहचान देती है।

Advertisement

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!

--Advertisement--
--Advertisement--

Share post:

Subscribe

spot_img

Popular

More like this
Related

मंडी में सीनियर स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप का आगाज, कांगड़ा ने किन्नौर को 3-1 से हराया; संतोष ट्रॉफी के लिए भी होगा टीम का चयन

मंडी के पड्डल मैदान में सीनियर स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप शुरू हो गई है। प्रतियोगिता में प्रदेश की 13 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसके बाद संतोष ट्रॉफी के लिए हिमाचल की टीम का चयन किया जाएगा। पहले दिन कांगड़ा ने किन्नौर को 3-1 से हराया, जबकि सिरमौर और सोलन का मुकाबला 1-1 से बराबर रहा।

परवाणू में पुलिस नाके पर कार चालक की दबंगई, बैरिकेड्स तोड़कर भागा; बाइक को मारी टक्कर, पीछा कर पकड़ा

परवाणू बाईपास पर एक कार चालक पुलिस नाके और बैरिकेड्स को टक्कर मारकर फरार होने लगा। इस दौरान एक बाइक क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने पीछा कर शिमला निवासी चालक को पकड़ लिया।

बद्दी-बरोटीवाला में पुलिस का बड़ा एक्शन, बिना नंबर प्लेट के 17 दोपहिया वाहन जब्त; ऑपरेशन सेफ स्ट्रीट से मचा हड़कंप

बद्दी, बरोटीवाला और नालागढ़ में पुलिस ने ‘ऑपरेशन सेफ स्ट्रीट’ के तहत विशेष चेकिंग अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान बिना नंबर प्लेट और संदिग्ध 17 दोपहिया वाहन जब्त किए गए।

जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 6 में दाखिले का मौका, चयन परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी; 28 नवंबर को होगा एग्जाम

जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 2027 के एडमिट कार्ड जारी हो गए हैं। कक्षा छठी में दाखिले के लिए परीक्षा 28 नवंबर 2026 को होगी। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।