भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत की ओर से गांधी परिवार को लेकर सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट के मामले में हिमाचल प्रदेश पुलिस ने शिमला में एफआईआर दर्ज की है। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और उनके परिवार पर की गई टिप्पणियों को लेकर शिकायतकर्ता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पोस्ट में गांधी परिवार के सदस्यों की मौत को लेकर भड़काऊ बातें कही गईं, जिससे सामाजिक और राजनीतिक माहौल खराब हो सकता है।

शिमला निवासी अतुल शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 353 और 356 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक शिमला गौरव सिंह ने एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और अब आगामी जांच की जाएगी।
10 नवंबर की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर शिकायत
शिकायतकर्ता अतुल शर्मा के अनुसार, कंगना रनौत के सत्यापित सोशल मीडिया हैंडल से 10 नवंबर को एक पोस्ट की गई थी। इसमें पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, उनके बेटे संजय गांधी और राजीव गांधी की मौत को लेकर कथित तौर पर भड़काऊ टिप्पणियां की गई थीं।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पोस्ट में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को ‘रहस्यमय विदेशी नागरिक’ बताया गया। इसके अलावा उनके रिश्तेदारों की एक के बाद एक हत्या होने और इसके बाद उनके सरकार की मुखिया बनने को लेकर भी टिप्पणी की गई थी।

शिकायतकर्ता ने इन टिप्पणियों को भड़काऊ और सार्वजनिक शांति भंग करने वाला बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू करने की बात कही है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


