पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर धर्मशाला दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव प्रदेश की जनता के लिए कांग्रेस की कथित फर्जी और खोखली गारंटियों से मुक्ति पाने का अवसर होंगे। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में भाजपा सत्ता में वापसी करेगी और हिमाचल को एक बार फिर विकास की राह पर आगे ले जाएगी।
सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान जनता से कई गारंटियां की थीं, लेकिन उन्हें पूरा करने के बजाय प्रदेश पर आर्थिक बोझ बढ़ा दिया। उनके अनुसार, कांग्रेस सरकार ने हिमाचल को 1 लाख 12 हजार करोड़ रुपये के कर्ज में डुबो दिया है और प्रदेश को विकास के बजाय आर्थिक बदहाली की ओर धकेल दिया है।

बीबीएमबी में हिमाचल के 7.19% हिस्से का मुद्दा उठाया
प्रदेश के अधिकारों और विकास परियोजनाओं को लेकर भी अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि हिमाचल के हितों की रक्षा के लिए भाजपा हमेशा संघर्ष करती रही है। बीबीएमबी में हिमाचल के 7.19 प्रतिशत हिस्से का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश को उसका हक दिलाने के लिए भाजपा ने अदालत से लेकर सरकार तक हर स्तर पर प्रयास किए हैं।
अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में हिमाचल का औद्योगिक पैकेज और विशेष राज्य का दर्जा समाप्त किया गया था। वहीं, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने किशाऊ बांध और बीबीएमबी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर हिमाचल के हित में फैसले लिए हैं।
धर्मशाला कॉलेज के शताब्दी समारोह में बने मुख्य अतिथि

दरअसल, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला में चार दिवसीय शताब्दी समारोह का भव्य शुभारंभ हुआ है। 13 से 16 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कॉलेज के गौरवशाली इतिहास को याद किया और आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी।
पुराने विद्यार्थियों की विरासत को संजोने की पहल सराहनीय
अनुराग ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला कॉलेज का इतिहास बेहद गौरवशाली रहा है। संस्थान की ऐतिहासिक विरासत और यहां से शिक्षा हासिल कर विभिन्न क्षेत्रों में मुकाम पाने वाले पूर्व विद्यार्थियों की यादों को संजोने के लिए ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन की ओर से किया जा रहा यह आयोजन सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि इस तरह के समारोह संस्थान की उपलब्धियों और गौरवशाली इतिहास को याद करने का अवसर देते हैं। साथ ही, ये नई पीढ़ी को भी अपने संस्थान की विरासत और उससे जुड़े गौरव से जोड़ने का काम करते हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


