धर्मशाला: जिला कांगड़ा के धर्मशाला में एक कॉलेज छात्रा की आत्महत्या का मामला सामने आया है। पुलिस को घटनास्थल से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे जांच में शामिल किया गया है। वहीं, छात्रा के परिजनों ने कॉलेज की एक महिला पर उनकी बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और कॉलेज में सबके सामने बेइज्जत करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों ने पुलिस में शिकायत देकर संबंधित महिला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

कांगड़ा के एसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि छात्रा की मौत के मामले में पुलिस जांच तेज कर दी गई है। पुलिस को सुसाइड नोट मिला है और अब उसमें लिखी बातों के साथ परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है।
13 नवंबर की सुबह छात्रा ने की आत्महत्या
एसपी कुलभूषण वर्मा के अनुसार, परिजनों की शिकायत में बताया गया है कि छात्रा धर्मशाला कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। परिजनों का आरोप है कि पिछले कुछ समय से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी।
शिकायत के मुताबिक, 13 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे परिजनों को स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि शिव मंदिर रोड के पास छात्रा ने आत्महत्या कर ली है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया।

सुसाइड नोट और परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच
एसपी कांगड़ा ने बताया कि फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट और परिजनों की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जोनल अस्पताल धर्मशाला भेज दिया है। एसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


