जिला फुटबॉल संघ कांगड़ा की सीनियर स्टेट फुटबॉल टीम के खिलाड़ियों ने मंडी में आयोजित होने वाली सीनियर स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए रवाना होने से पहले संघ के दिवंगत अध्यक्ष स्वर्गीय राकेश चौहान को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। खिलाड़ियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके दिखाए रास्ते पर चलते हुए कांगड़ा में फुटबॉल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

इस मौके पर देवेंद्र कोहली, अजय पंकज और जिला फुटबॉल संघ कांगड़ा के जनरल सेक्रेटरी विजय शमशेर भंडारी विशेष रूप से मौजूद रहे। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर कांगड़ा का नाम रोशन करने का भी संकल्प लिया।
कार्यक्रम में स्वर्गीय राकेश चौहान के सुपुत्र काविश चौहान और पावेश चौहान भी उपस्थित रहे। पावेश चौहान ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। वहीं, देवेंद्र कोहली ने सीनियर स्टेट चैंपियनशिप में भाग लेने जा रही टीम के खिलाड़ियों को फुटबॉल जर्सियां भेंट कीं और उनका उत्साहवर्धन किया।

स्वर्गीय राकेश चौहान ने जिला कांगड़ा में फुटबॉल को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए अहम योगदान दिया था। खेल के प्रति उनका समर्पण और खिलाड़ियों के साथ उनका जुड़ाव हमेशा याद किया जाएगा। भले ही आज वह हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन फुटबॉल के प्रति उनका जुनून और उनके सपने खिलाड़ियों के हौसलों में हमेशा जिंदा रहेंगे।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


