हिमाचल प्रदेश में दीपावली के दौरान लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आगजनी की किसी भी घटना से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। प्रदेश के सभी जिलों में अग्निशमन कर्मियों की तैनाती कर दी गई है। इसके साथ ही अग्निशमन वाहनों और जरूरी उपकरणों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। विभाग ने दीपावली के दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार, मंडलीय अग्निशमन अधिकारी नितिन धीमान और अग्निशमन अधिकारी भगत राम ठाकुर ने बताया कि दीपावली को देखते हुए प्रदेशभर में करीब 850 अग्निशमन कर्मियों के अलावा गृह रक्षकों की भी तैनाती की गई है। शिमला शहर में आपातकालीन सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए राज्य अग्निशमन प्रशिक्षण केंद्र बलदेयां में प्रशिक्षण ले रहे प्रशिक्षुओं को भी विभिन्न अग्निशमन केंद्रों में तैनात किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि विभाग की ओर से शहरों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर लगे अग्निशमन हाइड्रेंट का भी विशेष निरीक्षण किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर आग बुझाने के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित रहे।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने लोगों से अपील की है कि दीपावली पर पटाखों का कम से कम इस्तेमाल करें और आतिशबाजी केवल खुले स्थानों पर ही करें। ज्वलनशील पदार्थों, गैस सिलेंडरों, वाहनों और बिजली के उपकरणों के आसपास पटाखे जलाने से बचें। उन्होंने लोगों से त्योहार के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

किसी भी आपातकालीन स्थिति में लोग अग्निशमन हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दे सकते हैं। इसके अलावा शिमला अग्निशमन विभाग के कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 0177-2658976 और 0177-2800101 पर भी संपर्क किया जा सकता है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


