शाहपुर। त्रिपुरा के आशाबाड़ी में बीएसएफ जवानों पर हुए हमले की एक्स पैरामिलिट्री कल्याण संगठन हिमाचल प्रदेश ने कड़ी निंदा की है। संगठन के मुख्य संरक्षक एमएल ठाकुर ने इस घटना पर रोष जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने संगठन के सदस्यों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक कर मामले पर चर्चा की।

एमएल ठाकुर ने बताया कि बीएसएफ जवानों ने तस्करी की कोशिश को नाकाम करते हुए हेफजुर रहमान नामक कथित तस्कर को हिरासत में लिया था। इसके बाद वहां एकत्रित हुई भीड़ ने जवानों पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में तीन जवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं। आरोप है कि भीड़ ने जवानों के हथियार छीनने की कोशिश भी की और सरकारी वाहन में तोड़फोड़ की।
एमएल ठाकुर ने कहा कि देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के साथ इस तरह का हिंसक व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि घायल होने और कठिन परिस्थितियों का सामना करने के बावजूद जवानों ने संयम और अनुशासन बनाए रखा, जो सराहनीय है। जवानों का सम्मान करना और उनका मनोबल बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

संगठन ने सरकार और संबंधित प्रशासन से मांग की है कि घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही हमले, हथियार छीनने के प्रयास और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में संगठन के मुख्य प्रवक्ता मनवीर चन्द कटोच ने जानकारी दी।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


