शाहपुर। शाहपुर के लिए पिछले दो दिन बेहद दुखद रहे हैं। पहले अपने प्रिय राकेश चौहान (पिंका) और अब प्रसिद्ध साहित्यकार रमेश चंद्र मस्ताना को खोने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। दोनों के अचानक निधन ने लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है। शाहपुर के एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा कर दोनों को श्रद्धांजलि दी और इस मुश्किल वक्त में क्षेत्र के लोगों की भावनाएं जाहिर कीं।

उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि अभी कल ही शाहपुर ने अपने प्रिय पिंका भाई को खोया था और आज रमेश चंद्र मस्ताना जी भी हमेशा के लिए विदा हो गए। दो दिनों के भीतर दो अनमोल व्यक्तित्वों का दुनिया से चले जाना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि इतनी जल्दी न तो पिंका भाई के जाने की उम्र थी और न ही मस्ताना जी के विदा होने का समय।
पोस्ट में उन्होंने एक भावुक संयोग का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने राकेश चौहान के निधन की खबर सोशल मीडिया पर साझा की थी, तब उसी पोस्ट पर रमेश चंद्र मस्ताना ने एक लंबा शोक संदेश लिखा था। उस समय किसी को अंदाजा नहीं था कि अगले ही दिन मस्ताना जी स्वयं इस दुनिया को अलविदा कह जाएंगे। इस घटना ने उन्हें जिंदगी की अनिश्चितता का एहसास कराया और भीतर तक झकझोर दिया।

उन्होंने कहा कि दो दिनों में दो अपनों का बिछड़ जाना शाहपुर के लिए अपूरणीय क्षति है। अपनी पोस्ट के अंत में उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवारों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही पिंका भाई और रमेश चंद्र मस्ताना को भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि दोनों हमेशा लोगों की यादों और शाहपुर के दिलों में जीवित रहेंगे।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


