धर्मशाला। राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में निर्वाचन साक्षरता क्लब (Electoral Literacy Club) की ओर से विद्यार्थियों को लोकतंत्र, निर्वाचन प्रक्रिया और मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निबंध प्रतियोगिता और स्क्रीनिंग टेस्ट आयोजित किया गया। इस गतिविधि के जरिए विद्यार्थियों को चुनाव प्रक्रिया की बारीकियों से परिचित करवाने के साथ-साथ आगामी विधानसभा क्षेत्र स्तरीय कार्यक्रम में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रतिभागियों का चयन भी किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक और जिम्मेदार मतदाताओं पर निर्भर करती है। युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया की सही जानकारी होना बेहद जरूरी है, क्योंकि वे देश के भावी नागरिक होने के साथ-साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
प्रो. नरेश कुमार धीमान ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक चेतना, निष्पक्ष सोच और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने मताधिकार के महत्व को समझने और दूसरों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, प्रो. अश्वनी कुमार ने कहा कि निर्वाचन साक्षरता का मकसद सिर्फ मतदान की जानकारी देना नहीं है, बल्कि युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार और सक्रिय नागरिक के रूप में तैयार करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतियोगिता में उत्साह के साथ भाग लेने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बेहतर तरीके से समझने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपने विचारों व ज्ञान का प्रदर्शन किया। स्क्रीनिंग टेस्ट के माध्यम से चयनित विद्यार्थी आगामी विधानसभा क्षेत्र स्तरीय कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतंत्र, निर्वाचन प्रक्रिया और जिम्मेदार नागरिकता के महत्व को समझने का अवसर मिला।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


