व्यापारियों की समस्याओं को लेकर व्यापार मंडल शाहपुर की एकजुटता के बाद प्रशासन के साथ हुई बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। व्यापार मंडल शाहपुर के अध्यक्ष सुनील वर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और मेले को जल्द समाप्त करने सहित बाजार से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रशासन के सामने रखा।

इस बैठक में वार्ड नंबर 6 के पार्षद नितिन कौशल, जनरल सेक्रेटरी सचिन महाजन, अंशुल महाजन, चीफ एडवाइजर सतीश गुप्ता, कोऑर्डिनेटर वरुण नाग, तनुज महाजन और बॉबी शर्मा सहित व्यापार मंडल के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
15 या 16 तारीख तक समाप्त होगा मेला, नहीं होगी स्टार नाइट
बैठक में व्यापारियों की परेशानी को देखते हुए मेले को जल्द समाप्त करने की मांग उठाई गई। इस पर एसडीएम ने आश्वासन दिया कि 15 या 16 तारीख तक मेला पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा। साथ ही मेले में कोई भी स्टार नाइट आयोजित नहीं होगी।
नाली वाले स्थान पर दुकानें लगाने की अनुमति
व्यापार मंडल शाहपुर के अध्यक्ष सुनील वर्मा के प्रयासों से नाली वाले स्थान पर व्यापारियों को दुकानें लगाने की अनुमति दिलाई गई है। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन की ओर से दुकानदारों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किए जाने का आश्वासन भी दिया गया।
गोल चौक बनाने और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की मांग
बैठक में बाजार की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए गोल चौक बनाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। व्यापार मंडल शाहपुर का कहना है कि इससे बाजार में आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। इसके अलावा यातायात को सुचारू बनाने के लिए स्पीड लिमिट, ऑरेंज लाइट और येलो लाइट जैसी व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई।

व्यापार मंडल शाहपुर ने एसडीएम कार्यालय को दिए चार बैरिकेड्स
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से व्यापार मंडल शाहपुर के अध्यक्ष सुनील वर्मा ने एसडीएम कार्यालय को चार बैरिकेड्स भी उपलब्ध करवाए। बैठक के बाद व्यापार मंडल की ओर से कहा गया कि एकजुट होकर व्यापारियों की समस्याएं प्रशासन के सामने रखने से सकारात्मक परिणाम सामने आ सकते हैं।
व्यापार मंडल शाहपुर ने अध्यक्ष सुनील वर्मा और सभी पदाधिकारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी का विरोध करना नहीं, बल्कि बाजार, व्यापारियों और क्षेत्र के हितों की रक्षा करना है। साथ ही सभी व्यापारियों से इसी तरह सहयोग और एकजुटता बनाए रखने की अपील की गई।

इस पूरी बैठक और व्यापार मंडल शाहपुर की ओर से उठाए गए मुद्दों की जानकारी व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील वर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा और बाजार की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने सभी व्यापारियों से एकजुट रहने और व्यापार मंडल को सहयोग देने की अपील भी की।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


