हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धर्मशाला पुलिस ने तपोवन रोड पर विधानसभा के पास एक व्यक्ति को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7.14 ग्राम चिट्टा यानी हेरोइन बरामद की। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह नशीला पदार्थ कहां से लाया था और किसे सप्लाई करने वाला था।

गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्ति से हुई पूछताछ
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 की देर शाम पुलिस थाना धर्मशाला और योल चौकी की टीम राशन तपोवन रोड पर विधानसभा के नजदीक गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध अवस्था में घूम रहे व्यक्ति पर पड़ी। पूछताछ और जांच के दौरान उसके कब्जे से 7.14 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान गौरव वर्मा (37), निवासी वार्ड नंबर 06, श्यामनगर, धर्मशाला, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, सप्लाई नेटवर्क की जांच
धर्मशाला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना धर्मशाला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 25 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब नशीले पदार्थ के स्रोत और उसकी संभावित सप्लाई से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आया था और इसे आगे किसे देने वाला था।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


