हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने मंडी में आयोजित संगठनात्मक बैठक में पार्टी नेताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि अब संगठन में नए और जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को आगे लाने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले दो-तीन चुनावों में लगातार हार का सामना करने वाले नेताओं को दोबारा टिकट या संगठन में पद देने से पहले उनके कामकाज की गहन समीक्षा की जाएगी।

रजनी पाटिल ने स्पष्ट किया कि पार्टी में किसी को टिकट देने या पद पर नियुक्त करने का अधिकार किसी एक व्यक्ति के पास नहीं है। उन्होंने कहा कि न तो उनके हाथ में और न ही मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू या प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के पास किसी को पद या टिकट देने की अंतिम शक्ति है। इस संबंध में फैसला कांग्रेस हाईकमान करेगा। सभी नेताओं के कामकाज के सकारात्मक और नकारात्मक पहलुओं को केंद्रीय नेतृत्व के सामने रखा जाएगा और हाईकमान का निर्णय सर्वोपरि होगा।
पार्टी लाइन से हटकर काम करने वालों पर होगी कार्रवाई
बैठक में रजनी पाटिल ने पार्टी के भीतर अनुशासन बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर बयानबाजी करने या पार्टी की आधिकारिक लाइन से हटकर काम करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चलना होगा, अन्यथा कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। पाटिल ने दो टूक कहा कि सभी को साथ आना ही पड़ेगा, और यदि वे एकजुट होकर नहीं चलते हैं तो फिर सब घर बैठ जाएं।
मिशन रिपीट के लिए जमीन पर उतरकर करनी होगी मेहनत
आगामी चुनावी चुनौतियों का जिक्र करते हुए कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि केवल कागजी दावों या एक ही नारे को बार-बार दोहराने से सरकार दोबारा सत्ता में नहीं आएगी। इसके लिए नेताओं और कार्यकर्ताओं को जमीन पर उतरकर मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर के साथ मिलकर पार्टी को मजबूत करने के लिए वह प्रदेश के हर क्षेत्र का दौरा करेंगी।
रजनी पाटिल ने यह भी कहा कि मजबूत उम्मीदवारों का चयन जनता की राय के आधार पर किया जाएगा। बैठक में एक नवंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली रैली की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं से हिमाचली टोपी पहनकर रैली में शामिल होने को कहा गया।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


