हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जयसिंहपुर के दशहरा मेले को राष्ट्रीय स्तर का दर्जा देने की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए एक करोड़ रुपये देने का ऐलान भी किया। वह मंगलवार को जयसिंहपुर में आयोजित राज्य स्तरीय दशहरा उत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह को संबोधित करते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में पेयजल योजनाओं पर करीब 236 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इनमें 70 करोड़ और 43 करोड़ रुपये की लागत वाली योजनाएं पूरी हो चुकी हैं। वहीं, 34 करोड़ रुपये की एक अन्य योजना को 31 मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जयसिंहपुर बस अड्डे का निर्माण कार्य भी जल्द पूरा कर इसे जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के बेड़े में अब तक 300 इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जा चुकी हैं। इसके अलावा, एक हजार नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए जयसिंहपुर में इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करवाने और चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इससे क्षेत्र में इलेक्ट्रिक परिवहन सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर आयुष मंत्री यादविंदर गोमा ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने जयसिंहपुर में इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने और दशहरा मेले को राष्ट्रीय स्तर का दर्जा देने की मांग रखी।
दशहरा उत्सव के समापन समारोह के दौरान रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। वहीं, सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी कलाकार निंजा, स्टैंडअप कॉमेडियन विशाल शर्मा और गायक बिक्की राजटा ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


