शाहपुर। जिला स्तरीय दशहरा उत्सव शाहपुर-2026 का शुभारंभ शनिवार, 17 अक्तूबर को धार्मिक आस्था, पारंपरिक रीति-रिवाजों और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच हुआ। उत्सव की शुरुआत शाहपुर स्थित रामेश्वर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ की गई। इसके बाद भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जिसके साथ ही दशहरा उत्सव के कार्यक्रमों का औपचारिक आगाज हुआ।
उत्सव के शुभारंभ अवसर पर नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी और हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। रामेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की गई।
इसके बाद मंत्री राजेश धर्माणी और विधायक केवल सिंह पठानिया की उपस्थिति में एसडीएम कार्यालय शाहपुर से भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। यह शोभा यात्रा 39 मील स्थित दशहरा मैदान, शाहपुर तक पहुंची। यात्रा में धार्मिक आस्था और पारंपरिक संस्कृति का सुंदर संगम देखने को मिला। पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल रहा और लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन की रौनक बढ़ाई।
शोभा यात्रा में स्थानीय स्कूलों के विद्यार्थियों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी हिस्सा लिया। स्थानीय महिलाएं और पुरुष पारंपरिक वेशभूषा तथा पगड़ी पहनकर यात्रा में शामिल हुए। पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने शोभा यात्रा को खास आकर्षण प्रदान किया। धार्मिक उत्साह और सांस्कृतिक परंपराओं के बीच दशहरा उत्सव शाहपुर-2026 की शुरुआत हुई।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


