नूरपुर में मातृ-शिशु अस्पताल को जल्द शुरू करवाने की मांग को लेकर पूर्व प्रशासनिक अधिकारी एवं रणजीत जनकल्याण सभा के अध्यक्ष अकिल बख्शी की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल सोमवार को चौथे दिन भी जारी रही। चौथे दिन प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कांगड़ा-चंबा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज और नूरपुर विधायक रणवीर सिंह निक्का भी भूख हड़ताल स्थल पर पहुंचे। दोनों ने अकिल बख्शी से मुलाकात कर उनकी मांगों को लेकर बातचीत की।
सबसे पहले एसडीएम अरुण शर्मा और अस्पताल की एमएस अनुपमा शर्मा ने अकिल बख्शी से मुलाकात की। अकिल बख्शी के अनुसार, एमएस ने बताया कि अस्पताल शुरू करने से पहले कई काम अभी लंबित हैं। उन्होंने अस्पताल के संचालन में बाधक लंबित कार्यों की सूची लिखित रूप में उपलब्ध करवाने और एनएचएम निदेशक का संपर्क नंबर देने की मांग की, ताकि वह संबंधित अधिकारी से सीधे बातचीत कर सकें।
अकिल बख्शी ने बताया कि रणजीत बख्शी जनकल्याण सभा को रोगी कल्याण समिति यानी आरकेएस में शामिल करने की मांग पर एसडीएम और विधायक ने नाम की अनुशंसा आगे भेजने का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि वह इसके लिए 24 घंटे तक इंतजार करेंगे, अन्यथा उनकी भूख हड़ताल जारी रहेगी।
कांगड़ा-चंबा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने कहा कि वह मानवता के नाते अकिल बख्शी से मिलने पहुंचे हैं। उन्होंने अस्पताल से जुड़े लंबित कार्यों को जल्द पूरा करवाने का मामला संबंधित विभाग के समक्ष उठाने की बात कही। साथ ही उन्होंने इस संबंध में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से भी बातचीत करने का भरोसा दिया।
नूरपुर विधायक रणवीर सिंह निक्का ने कहा कि वह मातृ-शिशु अस्पताल को जल्द शुरू करने का मामला विधानसभा में उठा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल के संचालन से जुड़े लंबित कार्यों को पूरा करवाने के लिए अधिकारियों से बातचीत की जाएगी। इसके साथ ही रणजीत बख्शी जनकल्याण सभा को रोगी कल्याण समिति में शामिल करने का मामला भी संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा।
नूरपुर में 50 बिस्तरों वाले मातृ-शिशु अस्पताल को शुरू करने और रणजीत बख्शी जनकल्याण फाउंडेशन को रोगी कल्याण समिति में शामिल करने की मांग को लेकर अकिल बख्शी ने 2 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


