धर्मशाला, 5 अक्टूबर: मानसिक बीमारी के कारण भटक रहे बेसहारा लोगों की मदद के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कांगड़ा की ओर से 7 से 9 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आर. मिहुल शर्मा ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य ऐसे जरूरतमंद लोगों को समय पर मानवीय और उचित चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाना है, साथ ही उनके अधिकारों, गरिमा और कल्याण की रक्षा सुनिश्चित करना है।
विशेष अभियान के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के समन्वय से मानसिक बीमारी के कारण भटक रहे जरूरतमंद लोगों की पहचान की जाएगी। इस अभियान में पैरा लीगल वालंटियर भी सक्रिय रूप से सहयोग करेंगे।
आर. मिहुल शर्मा ने बताया कि चिन्हित लोगों की स्वास्थ्य जांच करवाई जाएगी और जरूरत के अनुसार उनका उपचार करवाने के साथ उपयुक्त मनोचिकित्सीय संस्थान में भर्ती कराने की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके अलावा उन्हें परामर्श, पुनर्वास संबंधी सहायता और सामाजिक सहयोग दिया जाएगा, ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड़कर गरिमापूर्ण जीवन जी सकें।
उन्होंने जिलावासियों से अभियान में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को कोई बेघर और मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति दिखाई देता है तो इसकी सूचना संबंधित प्रशासनिक अधिकारी या जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को दी जाए। सामूहिक सहयोग से ऐसे जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता और संरक्षण उपलब्ध कराया जा सकता है।
इस संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कांगड़ा स्थित धर्मशाला के दूरभाष नंबर 01892-222370 या टोल फ्री नंबर 15100 पर सूचना दी जा सकती है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


