पुलिस जिला बद्दी में अवैध खनन और यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान के निर्देशन में पुलिस लगातार निगरानी और विशेष अभियान चला रही है। इसी कड़ी में 4 अक्टूबर 2026 को पुलिस चौकी जोगों की टीम ने अन्दरोला खड्ड में कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में लगी दो JCB मशीनों और एक ट्रैक्टर को जब्त किया।
पुलिस के अनुसार, अन्दरोला खड्ड में दो JCB मशीनें और एक ट्रैक्टर बिना अनुमति के अवैध खनन करते हुए पाए गए। पुलिस टीम को देखकर तीनों वाहनों ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उन्हें काबू कर लिया। मौके पर JCB मशीन नंबर HP12P-8789 और HP12F-4844 तथा ट्रैक्टर नंबर HP12R-0281 पाए गए। पूछताछ में JCB ऑपरेटरों और ट्रैक्टर चालक की पहचान पदम सिंह निवासी रिया, भूपिन्द्र सिंह निवासी रिया और गोविन्द राम निवासी अन्दरोला, नालागढ़ के रूप में हुई।
इस मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना नालागढ़ में Mining Act के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है।
वहीं, ऑपरेशन सेफ स्ट्रीट के तहत पुलिस जिला बद्दी में गत रात्रि विशेष नाइट नाका और वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया गया। अपराधों पर अंकुश लगाने, असामाजिक और आपराधिक तत्वों पर नजर रखने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा आम नागरिकों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण देने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष नाके लगाए गए।
अभियान के दौरान वाहनों की सघन जांच की गई और संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों से पूछताछ की गई। यातायात नियमों और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कुल 42 चालान किए गए। इसके अलावा COTPA Act के तहत 17 और पुलिस एक्ट के तहत 2 चालान किए गए।
रात्रि चेकिंग के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाने के कुल 14 मामलों में भी चालान किए गए। पुलिस ने रात के समय शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों पर विशेष निगरानी रखी और नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की।
पुलिस जिला बद्दी के अनुसार, यह विशेष अभियान कानून व्यवस्था मजबूत करने, असामाजिक और आपराधिक तत्वों पर प्रभावी नकेल कसने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस प्रशासन की ओर से भविष्य में भी रात के समय औचक नाकाबंदी, वाहन चेकिंग और अपराध नियंत्रण संबंधी अभियान जारी रखने की बात कही गई है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


