Home हिमाचल हिमाचल में 27 नकलची पकड़े गए, चंबा सबसे आगे; CCTV और फ्लाइंग...

हिमाचल में 27 नकलची पकड़े गए, चंबा सबसे आगे; CCTV और फ्लाइंग स्क्वायड ने ऐसे कसा शिकंजा, पूरी जानकारी यहां पढ़ें

0
9

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित राज्य मुक्त विद्यालय की परीक्षाओं में नकल करने वालों पर इस बार सख्ती देखने को मिल रही है। बोर्ड ने प्रदेशभर में अब तक 27 परीक्षार्थियों को नकल करते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। परीक्षा की शुचिता, निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बोर्ड प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था को पहले के मुकाबले और मजबूत किया है।

परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए हाईटैक सीसीटीवी कैमरों की थर्ड आई सर्विलांस और फ्लाइंग स्क्वायड टीमों के औचक निरीक्षण से नकल करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी सख्त निगरानी के बीच प्रदेश के अलग-अलग जिलों से 27 नकल के मामले सामने आए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 11 परीक्षार्थी अकेले चंबा जिले से पकड़े गए हैं।

बोर्ड की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक चंबा के बाद कांगड़ा जिले में 5 और सिरमौर में 4 परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़े गए। मंडी जिले में 3 और ऊना में 2 मामले सामने आए हैं। वहीं, कुल्लू और शिमला जिलों से भी एक-एक नकल का मामला दर्ज किया गया है।

नकल के मामलों को लेकर हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की गरिमा के साथ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

डॉ. राजेश शर्मा ने परीक्षार्थियों से भी अपील की कि वे परीक्षा में सफलता हासिल करने के लिए शॉर्टकट या अनुचित साधनों का सहारा न लें। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को अपनी मेहनत, ईमानदारी और अनुशासन के दम पर परीक्षा देनी चाहिए, ताकि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता और निष्पक्षता बनी रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!