Home हिमाचल काँगडा Kangra: धर्मशाला के नरवाणा बाजार में युवती को कार से कुचलने की...

Kangra: धर्मशाला के नरवाणा बाजार में युवती को कार से कुचलने की कोशिश, बचाने आए बुजुर्ग पिता से भी मारपीट; आरोपी पर FIR

0
57

कांगड़ा जिले के पुलिस थाना धर्मशाला के तहत नरवाणा बाजार में एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब के नशे में धुत एक कार चालक ने 30 वर्षीय युवती को तेज रफ्तार कार से कुचलने का प्रयास किया। युवती के बुजुर्ग पिता जब उसे बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की। पीड़िता की शिकायत पर धर्मशाला पुलिस ने छेड़छाड़, मारपीट और लापरवाही से वाहन चलाने समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में नरवाणा बाजार निवासी 30 वर्षीय युवती ने बताया कि घटना बुधवार रात करीब 8:45 बजे की है। युवती के अनुसार गांव का ही रहने वाला अश्वनी अपनी कार को बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था और उसने उसे कार से कुचलने की कोशिश की। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने इसके अलावा युवती के साथ गाली-गलौच की, उसकी ओर गलत इशारे किए और गलत नीयत से उसे छूने का भी प्रयास किया।

युवती के साथ कथित बदसलूकी और हमले को देखकर जब उसके बुजुर्ग पिता उसे बचाने के लिए आगे आए तो आरोप है कि नशे में धुत आरोपी ने उनके साथ भी हाथापाई और मारपीट की। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर धर्मशाला पुलिस थाना में आरोपी अश्वनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 74, 79, 115(2), 352 और 351(2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

जिला पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं और लगाए गए गंभीर आरोपों की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!