हमीरपुर के राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज हमीरपुर (बड़ू) के कंप्यूटर साइंस के पांचवें सेमेस्टर के छात्र सर्वेश शर्मा ने अपनी प्रतिभा से जिले और पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। साधारण परिवार से आने वाले सर्वेश ने भारतीय थल सेना की बॉर्डर सर्विलांस से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए एक ड्रोन तैयार किया है। उनके इस प्रोजेक्ट के लिए रक्षा मंत्रालय की डिफेंस इनोवेशन ऑर्गेनाइजेशन (DIO) और इनोवेशन फॉर डिफेंस एक्सीलेंस (iDEX) की ओर से 3.50 करोड़ रुपये की ग्रांट मंजूर की गई है।
रक्षा मंत्रालय के डिफेंस प्रोडक्शन विभाग के अतिरिक्त सचिव एवं iDEX के सीईओ दिनेश माहौर ने सोमवार को इस प्रोजेक्ट के बजट को मंजूरी दी। सर्वेश अब भारतीय सेना के लिए ‘रुद्रा एज टी-1 (स्पेक्ट्रा)’ ड्रोन तैयार करेंगे, जिसका इस्तेमाल सीमा पर निगरानी के लिए किया जाएगा। प्रोजेक्ट का दावा है कि यह ड्रोन दुश्मन के राडार की पकड़ में नहीं आएगा और जैमर से भी इसे जाम नहीं किया जा सकेगा।
सर्वेश को इस प्रोजेक्ट की प्रेरणा आईआईटी जोधपुर और कोनार्क कोर की ओर से आयोजित राष्ट्रीय स्तर की ओपन कार्डबोर्ड ड्रोन प्रतियोगिता से मिली। प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिष्ठित संस्थानों की करीब 50 टीमों ने हिस्सा लिया था। इसी दौरान भारतीय सेना की बॉर्डर सर्विलांस से जुड़ी समस्या पर भी चर्चा हुई। सर्वेश की टीम ने प्रतियोगिता में चौथा स्थान हासिल किया और उसे 10 लाख रुपये का पुरस्कार मिला।
इसके बाद सर्वेश ने सेना की इस समस्या के समाधान के लिए ड्रोन तैयार करने पर काम शुरू किया। शुरुआती स्तर पर इस प्रोजेक्ट पर करीब 87 हजार रुपये खर्च हुए। इसके बाद उन्होंने DIO और iDEX के प्रोजेक्ट के तहत स्टार्टअप के लिए आवेदन किया, जिसे अब रक्षा मंत्रालय से मंजूरी मिल गई है।
रक्षा मंत्रालय ने प्रोजेक्ट से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए 20 दिन का समय दिया है। इस प्रोजेक्ट का इनक्यूबेशन सेंटर आईआईटी रुड़की में बनाया गया है। सर्वेश अब आईआईटी रुड़की की लैब में इस प्रोजेक्ट पर काम करेंगे और इसे 20 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
सर्वेश की इस उपलब्धि पर राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर, कंप्यूटर इंजीनियरिंग विभाग के अध्यक्ष समीर भारती और अन्य शिक्षकों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाहनवीं से पढ़े हैं सर्वेश
सर्वेश शर्मा एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता संजीव शर्मा दिहाड़ी-मजदूरी करते हैं। सर्वेश ने अपनी प्रारंभिक और सेकेंडरी स्कूल की शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाहनवीं से हासिल की है। सरकारी स्कूल से पढ़ाई करने वाले सर्वेश की यह उपलब्धि छात्रों के लिए भी प्रेरणा का उदाहरण बनी है।
फोटो कैप्शन: पॉलीटेक्निक कॉलेज के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर, कंप्यूटर इंजीनियरिंग विभाग के अध्यक्ष समीर भारती और अन्य शिक्षकों के साथ सर्वेश शर्मा।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


