देशभर में बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी खबर है। 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए सरकार ने 27 सितंबर, रविवार को सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को सामान्य रूप से खोलने का फैसला किया है। वित्त मंत्रालय ने कहा कि यह कदम ग्राहकों की बैंकिंग जरूरतों को लंबे समय तक प्रभावित होने से बचाने के लिए उठाया गया है।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 सितंबर से तीन दिन की हड़ताल का आह्वान किया है। संगठन का दावा है कि वह बैंकिंग क्षेत्र के करीब 90 प्रतिशत कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करता है। हड़ताल की प्रमुख मांगों में पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करना शामिल है। प्रस्तावित हड़ताल बैंकिंग क्षेत्र के छमाही वित्तीय समापन के समय भी पड़ रही है।
वित्त मंत्रालय के अनुसार, भारतीय रिजर्व बैंक ने 27 सितंबर को सभी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को पूरी तरह चालू रखने की मंजूरी दी है। सरकार का कहना है कि इससे ग्राहकों को हड़ताल से पहले जरूरी बैंकिंग काम निपटाने का मौका मिलेगा।
सरकार और बैंक प्रबंधन की ओर से यूनियनों से प्रस्तावित हड़ताल को टालने की अपील भी की गई है। वित्तीय सेवा विभाग ने कहा है कि बैंक ग्राहकों की सुविधा और कल्याण सरकार की प्राथमिकता है। साथ ही आवश्यक बैंकिंग सेवाओं को बिना रुकावट जारी रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
बैंकों ने भी ग्राहकों को सलाह दी है कि वे हड़ताल की प्रस्तावित तारीखों से पहले अपने जरूरी बैंकिंग लेनदेन पूरे कर लें, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। 26 और 27 सितंबर के सप्ताहांत अवकाश के बाद 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल होने के कारण सामान्य बैंकिंग सेवाओं पर लगातार कई दिनों तक असर पड़ने की आशंका थी।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


