हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड ने उपभोक्ताओं को बिजली कटौती की पहले से जानकारी देने के लिए नई डिजिटल सुविधा शुरू कर दी है। अब बिजली बंद होने से पहले उपभोक्ताओं के मोबाइल फोन पर एसएमएस भेजकर बताया जाएगा कि बिजली कब बंद होगी और कितने समय तक आपूर्ति प्रभावित रहने की संभावना है। मीटर डेटा मैनेजमेंट (एमडीएम) सिस्टम के जरिये शुरू की गई यह व्यवस्था फील्ड स्तर पर लाइव कर दी गई है।
नियोजित शटडाउन की स्थिति में संबंधित एसडीओ और जेई एमडीएम सिस्टम के माध्यम से बिजली कटौती का समय निर्धारित करेंगे। इसके बाद संबंधित उपभोक्ताओं के मोबाइल पर पहले ही एसएमएस पहुंच जाएगा। इससे मेंटेनेंस, ट्रांसफार्मर, फीडर या लाइन पर काम के कारण होने वाली बिजली कटौती की जानकारी समय रहते मिल सकेगी।
खास बात यह है कि यदि किसी कारण से प्रस्तावित शटडाउन रद्द या स्थगित किया जाता है तो इसकी सूचना भी उपभोक्ताओं को एसएमएस के माध्यम से दी जाएगी। इससे लोग बिजली कटौती को ध्यान में रखते हुए अपनी दिनचर्या पहले से तय कर सकेंगे और शटडाउन रद्द होने की स्थिति में अनावश्यक इंतजार भी नहीं करना पड़ेगा।
अचानक बिजली गुल होने पर भी मिलेगी जानकारी
नई व्यवस्था अचानक बिजली गुल होने की स्थिति में भी उपयोगी होगी। फीडर में फॉल्ट आने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल अलर्ट मिलेगा। डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर यानी डीटीआर स्तर पर फॉल्ट होने की स्थिति में पांच मिनट के कूलिंग पीरियड के बाद अधिकारियों को संदेश प्राप्त होगा।
इसके बाद अधिकारी संबंधित उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति बाधित होने और संभावित बहाली समय की जानकारी वाला एसएमएस भेज सकेंगे। एमडीएम सिस्टम में फीडर और डीटीआर स्तर पर उपभोक्ताओं को चुनने की सुविधा भी उपलब्ध है। जरूरत के अनुसार पूरे फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं या केवल संबंधित डीटीआर के उपभोक्ताओं को ही अलर्ट भेजा जा सकेगा।
बोर्ड प्रबंधन ने मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं और फील्ड अधिकारियों को इस डिजिटल सुविधा का नियमित इस्तेमाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। नई व्यवस्था के जरिए बिजली कटौती से जुड़ी जानकारी उपभोक्ताओं तक पहले पहुंचाने और अचानक आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में भी उन्हें अपडेट देने की व्यवस्था की गई है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


