शाहपुर: शाहपुर मैदान में आयोजित ट्रेड फेयर को लेकर भाजपा नेता राकेश चौहान के बयान के बाद राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। शाहपुर ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता अक्षय अत्री ने पलटवार करते हुए राकेश चौहान पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब राकेश चौहान कई वर्षों तक अपनी जमीन पर ट्रेड फेयर का आयोजन करवाते रहे, तब उन्हें शाहपुर के व्यापारियों का दर्द क्यों नजर नहीं आया?

अक्षय अत्री ने आरोप लगाया कि शाहपुर की जनता अच्छी तरह जानती है कि राकेश चौहान अपनी जमीन पर ट्रेड फेयर लगाने के एवज में किराये के रूप में मोटी रकम वसूलते रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उस दौरान कई बार व्यापारियों ने ट्रेड फेयर को लेकर विरोध भी जताया था, लेकिन तब व्यापारियों के हितों की चिंता करने के बजाय किराये पर ही ध्यान दिया जाता था।
अत्री ने कहा कि अब जब ट्रेड फेयर राकेश चौहान की जमीन पर नहीं लग रहा है और प्रशासन अपने स्तर पर इसका आयोजन कर रहा है, तो उन्हें परेशानी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब तक ट्रेड फेयर से आर्थिक लाभ मिल रहा था, तब तक सब ठीक था, लेकिन अब आयोजन दूसरी जगह होने पर उन्हें इसमें राजनीति नजर आने लगी है।
फोरलेन फ्लाईओवर के मुद्दे पर भी उठाए सवाल
अक्षय अत्री ने शाहपुर बाजार में फोरलेन पर प्रस्तावित फ्लाईओवर के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि शाहपुर में फ्लाईओवर के विरोध के दौरान किस व्यक्ति ने चार-पांच लोगों को एक पूर्व मुख्यमंत्री से चंबी में मिलवाया था, यह बात भी जनता से छिपी नहीं है। अत्री ने कहा कि अगर उस समय शाहपुर के व्यापारियों की चिंता की गई होती, तो आज शाहपुर बाजार तबाह होने से बच जाता।
उन्होंने सवाल किया कि यदि उस समय व्यापारियों के हितों की इतनी ही चिंता थी, तो उनके दर्द को लेकर आवाज क्यों नहीं उठाई गई? अत्री ने कहा कि राकेश चौहान को राजनीति चमकाने के लिए बयानबाजी करने से पहले पूरे तथ्यों की जानकारी हासिल करनी चाहिए।

भाजपा पर भी साधा निशाना
अक्षय अत्री ने भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शाहपुर में करीब 20 वर्षों तक भाजपा का विधायक रहा, लेकिन उनके अनुसार क्षेत्र को विकास के नाम पर केवल निराशा ही हाथ लगी। अत्री ने कहा कि अब विधायक एवं उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया के नेतृत्व में शाहपुर में विकास कार्यों को गति मिल रही है, तो कुछ लोगों को यह भी रास नहीं आ रहा है।
उन्होंने कहा कि शाहपुर की जनता सब कुछ देख रही है और वह अच्छी तरह जानती है कि कौन वास्तव में क्षेत्र के विकास और जनता के हितों के लिए काम कर रहा है और कौन राजनीतिक बयानबाजी के जरिए सुर्खियां बटोरने की कोशिश कर रहा है।
व्यापारियों के हितों को प्राथमिकता देने की अपील
अक्षय अत्री ने कहा कि ट्रेड फेयर जैसे मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय व्यापारियों के हितों और शाहपुर के समग्र विकास को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के मुद्दों पर बयानबाजी के बजाय क्षेत्र के व्यापारियों की समस्याओं और उनके हितों पर ध्यान देना जरूरी है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


