डिग्री कॉलेज रिड़कमार में बीए द्वितीय और तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों की ओर से बीए प्रथम वर्ष के नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर पार्टी का शानदार आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, रैंप वॉक और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों ने खूब रंग जमाया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का मंच संचालन सलमा, ईशा और सोनम ने प्रभावशाली ढंग से किया, जबकि स्वागत भाषण किरणा ने प्रस्तुत किया। बीए द्वितीय और तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों ने नवागंतुक विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। किरणा और उनकी सहेलियों ने पहाड़ी गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया। वहीं, निताशा और वंदना की पंजाबी गिद्धा प्रस्तुति ने माहौल में और भी उत्साह भर दिया।
बीए प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए रैंप वॉक, गायन, नृत्य, संवाद-अभिनय और परिस्थितियों पर आधारित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के लिए निर्णायक मंडल में अवंतिका, अक्षय और निखिल शामिल रहे।
विभिन्न गतिविधियों में विद्यार्थियों के प्रदर्शन के आधार पर पायल को मिस फ्रेशर चुना गया, जबकि उदय ठाकुर ने मिस्टर फ्रेशर का खिताब अपने नाम किया। इसके अलावा शीतल को मिस पर्सनैलिटी और विशेष को मिस्टर हैंडसम चुना गया।
कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. मनोज कुमार ने सभी विजेताओं और नवागंतुक विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। प्रो. हाकम चंद और प्रो. भूपिंदर सिंह ने विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार में स्वागत किया और उन्हें अनुशासन, परिश्रम तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। डॉ. आशा मिश्रा ने भी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


