शाहपुर, 10 सितंबर। करेरी क्षेत्र के लोगों के लिए 79 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद बस सेवा शुरू होने पर पंचायत प्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताई है। इस उपलब्धि के लिए पंचायत खड़ी बही की प्रधान रानी देवी, उपप्रधान हेमराज, पंचायत सदस्यों और अन्य क्षेत्रवासियों ने रैत स्थित कांग्रेस कार्यालय में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना और क्षेत्र में बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार के सहयोग से क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को पूरा किया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे भी जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए प्रयास जारी रहेंगे।
पंचायत प्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने बस सेवा शुरू करवाने के लिए विधायक केवल सिंह पठानिया का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि 79 वर्षों बाद क्षेत्र में बस सेवा शुरू होना स्थानीय लोगों के लिए ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी और परिवहन व्यवस्था बेहतर होगी।
इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, आरटीओ विकास जम्वाल, डीएम एचआरटीसी पंकज चड्ढा, आरएम साहिल, अधिशासी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण नीरज जसवाल, बीडीओ रैत योगेंद्र, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, जिला परिषद सदस्य संदीप, महासचिव प्रदीप बलौरिया तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


