शाहपुर, 8 सितंबर। रैत में फोरलेन से संबंधित समीक्षा बैठक शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में एनएचएआई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और आगामी कार्यों की समीक्षा की गई।
रैत से लदवाड़ा तक सड़क को बनाया जाएगा बेहतर
केवल सिंह पठानिया ने एनएचएआई अधिकारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रैत से लदवाड़ा तक सड़क को बेहतर और सुगम बनाया जाएगा। रैत बाजार में पानी की उचित निकासी के लिए सड़क के दोनों ओर नालियां बनाई जाएंगी और टाइलें लगाने का कार्य भी किया जाएगा। उन्होंने व्यापार मंडल से विकास कार्यों में पूरा सहयोग देने का आग्रह किया।
शाहपुर की तर्ज पर रैत बाजार में लगेंगी लाइटें
विधायक ने कहा कि शाहपुर बाजार की तर्ज पर रैत बाजार में भी लाइटें लगाई जाएंगी। इसके साथ ही उन्होंने रैत व्यापार मंडल को 20 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि रैत में विभिन्न विकास कार्य पूरे किए गए हैं और राधा-कृष्ण मंदिर का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा।
समय पर काम पूरा करने के निर्देश
केवल सिंह पठानिया ने जल शक्ति, लोक निर्माण और विद्युत विभाग के अधिकारियों को अपने-अपने कार्य निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को बेहतर तरीके से पूरा करने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय जरूरी है।
बैठक में कांग्रेस महासचिव प्रदीप बलौरिया ने विधायक का स्वागत करते हुए क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और मांगों को उनके समक्ष रखा। रैत व्यापार मंडल के प्रधान अजीत शर्मा ने भी अपने विचार रखे। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश पटाकू ने पंचायत और स्थानीय लोगों की ओर से विधायक का आभार व्यक्त किया।
बैठक में पीडी एनएचएआई उमाकांत मीणा, तहसीलदार शाहपुर दीक्षांत ठाकुर, रैत व्यापार मंडल प्रधान अजीत शर्मा, तिलक चौधरी, नरेंद्र बलोरिया, मनीष शर्मा, सुशील, कमल कौशिक, अक्षय महाजन, रमन महाजन, सहायक अभियंता लोक निर्माण विपुल पुंज, एसएचओ शाहपुर राजेंद्र सिंह, एनएचएआई अधिकारी, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, व्यापार मंडल प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


