जम्मू-कश्मीर के डोडा-किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रेमनगर के पास एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शिवा डल पुल से 20 वर्षीय युवती के उफनती चिनाब नदी में कूदने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में चिंता और दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं और युवती की तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया।
20 वर्षीय पायल देवी की तलाश जारी
नदी में कूदने वाली युवती की पहचान पायल देवी (20) के रूप में हुई है। वह कृष्ण लाल की बेटी और डोडा जिले के प्रेमनगर स्थित कोरड़ा गांव की रहने वाली थी। घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रारंभिक जानकारी और परिवार के सदस्यों के अनुसार, पायल पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान थी और उसका मानसिक स्वास्थ्य संबंधी उपचार भी चल रहा था।
चिनाब का तेज बहाव बना बड़ी चुनौती
वायरल वीडियो के आधार पर घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन के बचाव दल ने बिना समय गंवाए चिनाब नदी में तलाशी अभियान शुरू किया। हालांकि, इस समय नदी का बहाव बेहद तेज है और पानी की गहराई भी काफी अधिक है। ऐसे में बचाव कर्मियों और गोताखोरों को युवती की तलाश करने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस ने लिया संज्ञान, नदी किनारे तलाश जारी
गोताखोरों और बचाव कर्मियों की टीमें नदी के किनारों के साथ-साथ पानी के बहाव की दिशा में संभावित स्थानों पर लगातार पायल की तलाश कर रही हैं। फिलहाल युवती का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। फिलहाल बचाव अभियान जारी है और युवती के जल्द मिलने की उम्मीद की जा रही है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


