कुल्लू, 7 सितंबर। जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक सोमवार को बहुउद्देश्यीय भवन के सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मंडी लोकसभा क्षेत्र की सांसद और दिशा समिति की अध्यक्ष कंगना रणौत ने की। बैठक में केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न विकासात्मक व कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के साथ उनका वास्तविक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष ठाकुर दास, दिशा समिति के नामांकित सदस्य और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। विभागवार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों और दिए गए सुझावों पर हुई कार्रवाई की भी जानकारी ली गई। जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
सिर्फ बजट और लक्ष्य नहीं, योजनाओं का असर भी बताना होगा
कंगना रणौत ने कहा कि दिशा समिति की बैठक का उद्देश्य केवल सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना नहीं है, बल्कि यह देखना भी है कि इन योजनाओं का वास्तविक लाभ धरातल पर लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं। उन्होंने अधिकारियों को केंद्र और प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
पिछली बैठक के लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने को कहा गया। सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीएलएडी) के तहत स्वीकृत धनराशि से चल रहे विकास कार्यों के क्रियान्वयन में प्लानिंग विभाग के प्रयासों की उन्होंने सराहना की और शेष कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
कृषि-बागवानी में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर
सांसद ने कहा कि कुल्लू जिले में कृषि, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य, प्राकृतिक और जैविक खेती सहित कई क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कृषि और बागवानी में फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को इन गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए किसानों, महिलाओं और बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ना जरूरी है। जिले के स्थानीय और प्राकृतिक उत्पादों को देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का प्रभावी इस्तेमाल करने के निर्देश भी दिए गए।
प्राकृतिक और जैविक उत्पादों के लिए तैयार होगी ठोस कार्ययोजना
कंगना रणौत ने अधिकारियों से किसानों को प्राकृतिक और जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करने, जरूरी प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देने तथा प्राकृतिक एवं जैविक उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध करवाने को लेकर ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए विभाग आपसी समन्वय से प्रभावी कदम उठाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य केवल लक्ष्य पूरा करना नहीं होना चाहिए, बल्कि उनका सकारात्मक परिणाम जमीन पर दिखाई देना चाहिए।
आगामी दिशा बैठकों को लेकर भी सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के बजट और प्रगति के साथ उनके वास्तविक प्रभाव, उपलब्धियों और योजनाओं से लाभान्वित नए लोगों की संख्या के आधार पर प्रस्तुति दी जाए।
NH परियोजनाओं में देरी पर सांसद ने जताई नाराजगी
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने कुल्लू जिले में चल रही विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति पर प्रस्तुति दी।
सांसद ने कहा कि पर्याप्त बजट उपलब्ध होने के बावजूद विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्थानीय स्तर पर परियोजनाओं से जुड़ी समस्याओं को जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ प्राथमिकता के आधार पर हल करने के निर्देश दिए। बैठक में एनएच-305 सैंज-लुहरी-ओट मार्ग से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश
जिले में नशे के बढ़ते प्रचलन पर चिंता जताते हुए कंगना रणौत ने पुलिस विभाग को नशे की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि दिशा समिति की बैठकों में प्रशासन और विभिन्न विभागों को दिए गए सुझावों व दिशा-निर्देशों का असर धरातल पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने, खासकर महिलाओं और बेरोजगार युवाओं को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
जागरूकता शिविर लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध करवाने पर भी जोर दिया गया।
कई विभागों ने योजनाओं की प्रगति की दी जानकारी
बैठक में पशुपालन, कृषि, आत्मा, उद्यान, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, अग्रणी जिला बैंक, लोक निर्माण, जल शक्ति, विद्युत, सड़क एवं परिवहन, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, एनएचएआई, शिक्षा, उद्योग, आरसेटी, कल्याण, आईसीडीएस, राजस्व, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, श्रम, बीएसएनएल, मत्स्य, खादी एवं ग्रामोद्योग, नगर निकाय, प्लानिंग, युवा सेवाएं एवं खेल, खनन, पंचायती राज तथा ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों ने पीपीटी के माध्यम से केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति और उपलब्धियों की जानकारी दी।
इससे पहले कार्यवाहक उपायुक्त कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर ने सांसद एवं दिशा समिति की अध्यक्ष कंगना रणौत तथा समिति के नामांकित सदस्यों का स्वागत किया। बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


