बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश में नशे के सौदागरों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस का जीरो टॉलरेंस अभियान लगातार जारी है। पुलिस ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर एचआरटीसी की बस में सफर कर रहे एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1 किलो 950 ग्राम चरस बरामद हुई है। पुलिस ने थाना स्वारघाट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार नशे की तस्करी पर रोक लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम और थाना स्वारघाट पुलिस ने संयुक्त रूप से कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर समलेटू के पास विशेष नाकाबंदी कर रखी थी। इस दौरान आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी बीच बिलासपुर की ओर से आ रही एचआरटीसी की एक बस को जांच के लिए रोका गया।
बस की जांच के दौरान एक युवक की गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध लगीं। पुलिस ने उसके सामान की तलाशी ली तो उसके पास से 1.950 किलोग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने चरस को कब्जे में लेकर युवक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार इतनी बड़ी खेप के साथ पकड़े गए आरोपी की पहचान 22 वर्षीय प्रवीण कुमार के रूप में हुई है। वह गांव नूरणखैरा, तहसील गोहाना, जिला सोनीपत, हरियाणा का रहने वाला है।
बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में चरस हिमाचल में कहां से और किस तस्कर से लेकर आया था और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था।
एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्रवाई आरोपी तक सीमित नहीं रहेगी। अब जांच का फोकस इस खेप के मुख्य सप्लायर तक पहुंचने पर है। पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जाएगी और मामले में आगे भी गिरफ्तारियां होने की संभावना है।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


