कुल्लू: हिमाचल प्रदेश में अवैध शराब के परिवहन और अंतरराज्यीय तस्करी के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत कुल्लू जिले में विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल्लू-मनाली फोरलेन पर जरड़ के पास एक ट्रक से पंजाब में बिक्री के लिए निर्धारित 500 पेटी बीयर बरामद की है। बरामद खेप में कुल 7,200 बोतलें शामिल हैं। विभाग ने ट्रक को जब्त कर लिया है और भुंतर पुलिस थाना में मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह करीब 7:40 बजे आबकारी विभाग की टीम जरड़ में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के समीप नियमित नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रक को संदेह के आधार पर रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक में बड़ी संख्या में बीयर की पेटियां लदी मिलीं।
विभागीय अधिकारियों ने जब ट्रक चालक से शराब के परिवहन से संबंधित पास, परमिट या अन्य वैध दस्तावेज मांगे तो वह मौके पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और न ही आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर पाया। इसके बाद विभाग ने बीयर की खेप को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि बरामद बीयर केवल पंजाब राज्य में बिक्री के लिए निर्धारित थी। पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने गिनती की तो ट्यूबॉर्ग स्ट्रॉन्ग, किंगफिशर स्ट्रॉन्ग और बडवाइजर मैग्नम की कुल 500 पेटियां बरामद हुईं, जिनमें 7,200 बोतलें थीं।
यह कार्रवाई सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी कुल्लू सुरेश शर्मा, बंजार वृत्त के गंगाराम, आबकारी पुलिस आरक्षी अशोक कुमार और चालक सुरेश कुमार की टीम ने की। विभाग ने ट्रक और बरामद बीयर को अपने कब्जे में ले लिया है। मामले में भुंतर पुलिस थाना में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम, 2011 की धारा 39(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
राज्य कर एवं आबकारी विभाग कुल्लू के उपायुक्त ने कार्रवाई के लिए विभागीय अधिकारियों की सतर्कता की सराहना की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व चोरी और हिमाचल प्रदेश में अवैध शराब के परिवहन या कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शराब माफिया और अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ विभाग का चेकिंग और प्रवर्तन अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा। विभाग ने अवैध शराब के परिवहन और अंतरराज्यीय तस्करी पर रोक लगाने के लिए निगरानी और कार्रवाई तेज रखने का संकेत दिया है।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


