किन्नौर जिले के सांगला-छितकुल सड़क मार्ग पर बटसेरी के समीप रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 120 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक कमल मेहता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक कमल मेहता जिला मुख्यालय रिकांगपिओ स्थित डीआरडीए कार्यालय में जिला प्रोग्राम मैनेजर के पद पर तैनात थे। हादसे में घायल व्यक्ति की पहचान कोटखाई के बखोल गांव निवासी मुनिश सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब चार बजे कमल मेहता अपनी कार में मुनिश चौहान के साथ रक्छम से सांगला की ओर जा रहे थे। बटसेरी के समीप अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सड़क से करीब 120 मीटर नीचे खाई में जा गिरी और दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। एसपी किन्नौर सुशील शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
वहीं, तहसीलदार सांगला हरदयाल सिंह ने प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपये और घायल को पांच हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की है।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


