कांगड़ा के कछियारी-रानीताल फोरलेन पर बाथू पुल के समीप शनिवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब अचानक पहाड़ी से एक भारी चट्टान सड़क पर आ गिरी। चट्टान से बचने के प्रयास में एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार में एक ही परिवार के पांच लोग सवार थे, जो इस हादसे में बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार बनखंडी निवासी परिवार बैजनाथ मंदिर में दर्शन करने के बाद अपनी नई कार से घर लौट रहा था। बाथू पुल के पास पहुंचते ही अचानक पहाड़ी से एक बड़ी चट्टान सड़क पर आ गिरी। चट्टान को देखकर चालक ने बचने के लिए अचानक ब्रेक लगा दी, जिससे कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, दुर्घटना के तुरंत बाद कार के सभी एयरबैग खुल गए, जिससे सवारों की जान बच गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और कार में सवार सभी पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
स्थानीय लोगों के अनुसार बरसात के मौसम में बाथू पुल के पास पहाड़ी से अक्सर पत्थर और चट्टानें गिरती रहती हैं। इसके चलते यह स्थान अब डेंजर स्पॉट बन चुका है। लोगों ने रोष जताते हुए कहा कि प्रशासन और फोरलेन प्रबंधन चट्टान गिरने के बाद ही यातायात को एकतरफा करते हैं। उनका कहना है कि बारिश के मौसम में एहतियात के तौर पर पहले से ही एक लेन बंद रखी जानी चाहिए।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बाथू पुल के इस संवेदनशील स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और पहाड़ी से पत्थर व चट्टानें गिरने की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े और जानलेवा हादसे को रोका जा सके।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


