कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर सफर करने वाले वाहन चालकों को जल्द ही एक बार फिर अतिरिक्त टोल चुकाना पड़ सकता है। कुल्लू जिले के डोहलूनाला और मंडी जिले के टकोली टोल प्लाजा को दोबारा शुरू करने की तैयारी चल रही है। हालांकि, फिलहाल कई टनलों से यातायात पूरी तरह सामान्य नहीं होने के कारण दोनों टोल प्लाजा पर शुल्क पहले निर्धारित दरों की तुलना में कम रहने की संभावना है। दोनों टोल के लिए अभी शुल्क का अंतिम निर्धारण नहीं हुआ है।
फोरलेन की स्थिति में सुधार के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) अब टोल वसूली व्यवस्था को भी सामान्य करने में जुट गया है। कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर गड़ा मोड़, बलोह, टकोली और डोहलूनाला में टोल प्लाजा स्थापित हैं। आपदा के बाद डोहलूनाला और टकोली टोल प्लाजा को बंद रखा गया था। अब फोरलेन की स्थिति में सुधार के बाद दोनों जगहों पर टोल व्यवस्था फिर से शुरू करने की प्रक्रिया चल रही है। हालांकि, आपदा के बाद क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत और पुनर्स्थापना के कई काम अभी भी जारी हैं।
कई स्थानों पर टनल के जरिए यातायात पूरी तरह सामान्य नहीं हुआ है। इसी वजह से फिलहाल वाहन चालकों से पूरा टोल शुल्क नहीं लिया जाएगा। दोनों टोल प्लाजा शुरू होने के बाद मनाली और कुल्लू की ओर जाने वाले पर्यटक वाहनों के साथ-साथ स्थानीय वाहन चालकों का सफर महंगा हो सकता है। एनएचएआई पीआईयू मंडी के परियोजना निदेशक वरूण चारी ने बताया कि दोनों टोल प्लाजा को दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया की जा रही है।
टनल और पुलों के कारण अधिक है टोल शुल्क
कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर स्थापित टोल प्लाजा का शुल्क दूसरे राज्यों की तुलना में काफी अधिक है। एनएचएआई के अनुसार टोल शुल्क निर्धारित करते समय सड़क की लंबाई के साथ टनल, पुल और अन्य निर्मित हिस्सों को भी आधार बनाया जाता है। टनल और पुल का एक किलोमीटर हिस्सा सामान्य सड़क की 10 किलोमीटर लंबाई के बराबर माना जाता है। इसी वजह से यहां टोल शुल्क अन्य टोल प्लाजा की तुलना में अधिक है। हालांकि, तीन हजार रुपये के सालाना रिचार्ज पर 200 ट्रिप की सुविधा इन टोल प्लाजा पर लागू है।
टकोली और डोहलूनाला में पिछली दरें क्या थीं
टकोली टोल प्लाजा पर पिछली बार एलएमवी यानी हल्के मोटर वाहनों के लिए एक तरफ की यात्रा का शुल्क 105 रुपये और दोनों तरफ की यात्रा का शुल्क 160 रुपये था। वहीं, डोहलूनाला टोल प्लाजा पर एलएमवी के लिए एक तरफ का शुल्क 80 रुपये और दोनों तरफ की यात्रा का शुल्क 120 रुपये था। दोनों टोल प्लाजा फिलहाल बंद हैं और इन्हें दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
वहीं, मौड़ा टोल प्लाजा पर एलएमवी के लिए एक तरफ का टोल 185 रुपये और दोनों तरफ की यात्रा का शुल्क 280 रुपये है। बलोह टोल प्लाजा पर एलएमवी के लिए एक तरफ का शुल्क 120 रुपये और दोनों तरफ की यात्रा का शुल्क 175 रुपये निर्धारित है। मौड़ा और बलोह दोनों टोल प्लाजा फिलहाल चालू हैं।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


