कतर की राजधानी दोहा में आयोजित अंडर-17 विश्व वॉलीबाल प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने शानदार आगाज किया है। भारत ने अपने शुरुआती मुकाबले में क्यूबा की टीम को सीधे तीन सेटों में 3-0 से हराकर दमदार जीत दर्ज की। इस जीत में हिमाचल प्रदेश की भी अहम भूमिका रही, क्योंकि भारतीय टीम के मुख्य कोच और कप्तान दोनों हिमाचल से हैं।
रोहड़ू तहसील के शरोग गांव निवासी देवेंद्र चौहान भारतीय अंडर-17 टीम के मुख्य कोच हैं। देवेंद्र वर्तमान में शिक्षा विभाग के खेल छात्रावास रोहड़ू में वॉलीबाल प्रशिक्षक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। वह अंतरराष्ट्रीय स्तर के वॉलीबाल कोच भी हैं। वहीं, भारतीय टीम की कप्तानी हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ी शब्द गौतम कर रहे हैं। बिलासपुर जिले के रहने वाले शब्द गौतम को भारतीय अंडर-17 टीम की कमान मिलना प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
एक ही टीम में हिमाचल के मुख्य कोच देवेंद्र चौहान और कप्तान शब्द गौतम की मौजूदगी छोटे से पहाड़ी राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि है। क्यूबा के खिलाफ मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और तीनों सेटों में अपना दबदबा बनाए रखा। भारत ने सीधे सेटों में मुकाबला अपने नाम कर प्रतियोगिता में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है।
भारतीय टीम का अगला मुकाबला इंग्लैंड से होगा। अब टीम की नजरें इंग्लैंड के खिलाफ भी जीत दर्ज करने पर हैं। देवेंद्र चौहान के मार्गदर्शन और शब्द गौतम की कप्तानी में भारतीय टीम से आगामी मुकाबले में भी बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है।
विश्व स्तर की इस प्रतियोगिता में हिमाचल से जुड़े कोच और खिलाड़ी की मौजूदगी प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। देवेंद्र चौहान और शब्द गौतम की यह उपलब्धि हिमाचल के युवा वॉलीबाल खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


